क्रिकेट

पाक टेस्ट कप्तान को ICC के 25 साल के महान क्रिकेटरों की चयन जूरी में किया गया शामिल

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा पिछले 25 वर्षों के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के चयन के लिए गठित जूरी में शामिल किया गया है। मसूद इस जूरी में शामिल होने वाले पाकिस्तान के दूसरे खिलाड़ी है। उनसे पहले पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम थे।

Image

शान मसूद को आईसीसी जूरी में मिली जगह।

कराची, (भाषा)। आलोचनाओं से घिरे पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा पिछले 25 वर्षों के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के चयन के लिए गठित जूरी में शामिल किया गया है। मसूद इस जूरी में शामिल होने वाले पाकिस्तान के दूसरे खिलाड़ी है। उनसे पहले पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम थे।

क्रिकेट जगत में मसूद की जूरी में शामिल होने की खबर ने कई लोगों को हैरान कर दिया है, लेकिन एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार उनके नाम की सिफारिश पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने की थी। पीसीबी ने पिछले साल मसूद को ’अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और खिलाड़ी मामलों के निदेशक’ का पद देने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया क्योंकि वह कप्तान के रूप में आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का पूरा चक्र पूरा करना चाहते थे।

लगातार दूसरी हार खतरा

बांग्लादेश में चल रही टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की टीम पर लगातार दूसरी हार का खतरा मंडरा रहा है और ऐसे में मसूद मुश्किल में पड़ सकते हैं। सूत्र के अनुसार, अपनी मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि और क्रिकेट अनुभव के कारण मसूद अब पीसीबी का पद स्वीकार कर सकते हैं। आईसीसी जूरी में भारत के अजीत अगरकर, इरफान पठान, चेतेश्वर पुजारा और रवि शास्त्री सहित कई देशों के खिलाड़ी शामिल हैं।

जूरी में ये खिलाड़ी शामिल

जूरी में डेविड गोवर, इयान बिशप, मार्क बाउचर, कार्लोस ब्रेथवेट, टॉम मूडी, ग्रेग चैपल, मैथ्यू हेडन, आरोन फिंच, एंड्रयू फ्लावर, एलन डोनाल्ड, फाफ डु प्लेसी, डेनियल वेटोरी, रॉस टेलर, शेन वॉटसन, जोनाथन ट्रॉट, टिम साउथी और इयोन मॉर्गन भी शामिल हैं।

मुशफिकुर रहीम के रिकॉर्ड शतक से बांग्लादेश ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट में सोमवार को पाकिस्तान के सामने जीत के लिये 437 रन का लक्ष्य रखा। रहीम ने 233 गेंद में 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 137 रन बनाये जिसके दम पर बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 390 रन बनाये । पहली पारी में 126 रन बनाने वाले लिटन दास ने दूसरी पारी में 69 रन का योगदान दिया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article