Pakistan Government Action On Indians Working In PSL 2025: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों पर कायराना हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान सरकार ने एक नया फरमान जारी कर दिया है कि पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल 2025) क्रिकेट टूर्नामेंट में जो भी भारतीय नागरिक किसी भी रूप में (आमतौर पर ब्रॉडकास्ट टीम) काम कर रहा हो वो 48 घंटे के अंदर पाकिस्तान छोड़कर जाए।
गौरतलब है कि एक तरफ जहां भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जारी है, वहीं पाकिस्तान में भी पीएसएल 2025 चल रहा जहां पाकिस्तान और कई देशों के खिलाड़ी खेल रहे हैं। इस लीग में भारत को कोई खिलाड़ी नहीं खेलता। अब भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते मौजूदा तनाव के बीच पाकिस्तान हर पल कुछ ना कुछ नया कदम उठा रहा है और उसकी सरकार का ताजा निर्देश पीएसएल से जुड़े भारतीय नागरिकों के लिए है, कि जो भारतीय पीएसएल की ब्रॉडकास्ट टीम का हिस्सा हो वो अगले 48 घंटे में उनके देश से चले जाएं।
इससे पहले, पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के बाद, जिसमें 26 से अधिक भारतीयों की जान चली गई, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस बात पर जोर दिया कि भारत पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय क्रिकेट नहीं खेलेगा। पिछली बार भारत और पाकिस्तान ने 2012-2013 की सर्दियों में द्विपक्षीय श्रृंखला खेली थी, जब पाकिस्तान सीमित ओवरों की श्रृंखला खेलने के लिए भारत आया था। भारत ने आखिरी बार 2008 में पाकिस्तान का दौरा किया था, जब वे एशिया कप में खेले थे। गौरतलब है कि बीसीसीआई द्वारा किसी भी पाकिस्तानी का आईपीएल में खेलने का प्रतिबंध लंबे समय से लगा हुआ है।
