शहर

पंजाब के 8 लाख कर्मचारियों को दिवाली तोहफा, मान सरकार ने 3 परसेंट बढ़ाया महंगाई भत्ता

Punjab DA Hike: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी की नई किस्त देने का ऐलान किया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब पंजाब में DA की दर बढ़कर 53 प्रतिशत हो जाएगी। बढ़ा हुआ लाभ कर्मचारियों को दिसंबर की सैलरी और पेंशन के साथ मिलेगा।

Image

CM भगवंत मान (फोटो साभार- @BhagwantMann)

Punjab DA Hike: त्योहारों के सीजन में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के 8 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम मान ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी की नई किस्त देने का ऐलान किया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब पंजाब में DA की दर बढ़कर 53 प्रतिशत हो जाएगी। बढ़ा हुआ लाभ कर्मचारियों को दिसंबर की सैलरी और पेंशन के साथ मिलेगा। बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह राज्य सरकार की तरफ से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली का तोहफा है। उन्होंने बताया कि 2022 में जब आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी, तब DA की दर सिर्फ 28 प्रतिशत थी। अब इसे बढ़ाकर 53 प्रतिशत कर दिया गया है।

CM मान ने ट्वीट करके दी जानकारी

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस ऐलान की जानकारी अपने सोशल मीडिया पोस्ट (ट्वीट) के जरिए भी दी। उन्होंने लिखा, "आज, पंजाब के लगभग 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली के एक बड़े तोहफे के रूप में, महंगाई भत्ते (DA) में 3% की बढ़ोतरी की गई है... अब DA बढ़कर 53% हो गया है, जिससे कर्मचारियों को सालाना लगभग ₹3,988 करोड़ का कुल वित्तीय लाभ मिलेगा... कर्मचारी हमारी सरकार की रीढ़ हैं, और हम उनके कल्याण, अधिकारों और बेहतरी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं... सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं..."

दो महीने में 11% बढ़ा DA

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले दो महीनों के भीतर ही DA में कुल 11 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी की है। इससे पहले सरकार ने 8 प्रतिशत DA बढ़ाया था और अब 3 प्रतिशत की नई किस्त का ऐलान किया गया है। इस फैसले से कर्मचारियों को सालाना करीब 3,988 करोड़ रुपये का कुल वित्तीय लाभ मिलेगा, जिससे लाखों सरकारी परिवारों के बजट को सीधी मजबूती मिलेगी। मान ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक योग्यता के आधार पर 71,777 नई सरकारी नौकरियां भी दी हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं और वे कभी भी आकर अपनी बात रख सकते हैं।

राजनीतिक सवालों पर भी बोले मान

संगरूर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली के सवाल पर मान ने कहा कि सभी को रैली करने का अधिकार है। मोगा के विधायक के यहां ED की छापेमारी पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी से संकेत मिलता है कि चुनाव समय पर होने वाले हैं। चुनाव नजदीक आने पर भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा, छापेमारी होने दीजिए, उन्हें कुछ नहीं मिलेगा। पराली जलाने से प्रदूषण के सवाल पर मान ने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण में पंजाब की कोई भूमिका नहीं है और दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी यह बात जानते हैं। पंजाब को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।त्योहारों से ठीक पहले मिली इस आर्थिक राहत से बाजारों में भी खरीदारी को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article