Modi Cabinet Decisions: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने देश में 850 फास्ट ट्रैक कोर्ट को मजबूत करने और उनकी अवधि बढ़ाने को मंजूरी दी है।
उन्होंने बताया कि कि इन अदालतों का मुख्य उद्देश्य बच्चों के साथ यौन शोषण और दुष्कर्म से जुड़े मामलों की सुनवाई में तेजी लाना है। उन्होंने कहा, ''महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार निर्णायक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।''
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों में मौजूदा कानूनों का प्रभावी इस्तेमाल करने के साथ जरूरत पड़ने पर नए कानून भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी प्रतिबद्धता के तहत 850 फास्ट ट्रैक कोर्ट को मजबूत करने और उनके विस्तार को मंजूरी दी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अग्निवीरों को मिला सेवा विस्तार, 75 प्रतिशत का दो साल बढ़ेगा सेवाकाल
अग्निवीरों को दो साल का सेवा विस्तार
कैबिनेट बैठक में अग्निवीरों को दो साल का सेवा विस्तार देने का भी निर्णय लिया गया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब करीब 18,000 अग्निवीरों को कुछ सप्ताह बाद सशस्त्र बलों से सेवामुक्त होना था। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (CDS) जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने कहा कि सभी अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में अपनी सेवा जारी रखने का अवसर दिया जाएगा।
सीडीएस ने कहा कि यह अवसर उनके प्रदर्शन और उसके आकलन पर निर्भर करेगा। 'अग्निपथ' योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती चार साल के कार्यकाल के लिए की गई थी। इसमें प्रावधान था कि इनमें से केवल 25 प्रतिशत अग्निवीरों को ही नियमित सेवा में बरकरार रखा जाएगा।
