ऑकलैंड: भारतीय टीम के अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे सफल गेंदबाज अर्शदीप सिंह वनडे क्रिकेट में भी अपनी मजबूत पहचान बनाते जा रहे हैं। बुधवार को भारत के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में भारतीय टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरी। युवा गेंदबाजों के दल की अगुआई अर्शदीप सिंह ने की और मैच में सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। उनके शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत मेजबान टीम को 40.2 ओवर में 185 रन पर ढेर कर दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर पर शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत अर्शदीप ने भारतीय गेंदबाजों के एक स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली है।
विकेटों का चौका जड़ने वाले चौथे भारतीय पेसर
अर्शदीप ने 10 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने विल यंग, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स और काइल जैमिसन के विकेट अपने नाम किए। न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे मैच में विकेटों की चौका जड़ने वाले अर्शदीप सिंह तीसरे भारतीय पेसर बन गए हैं। उनसे पहले जवागल श्रीनाथ और मोहम्मद शमी ये कारनामा कर सके हैं।
भारतीय पेसर का न्यूजीलैंड में चौथा सर्वश्रेष्ठ स्पेल
अर्शदीप का 70 रन स्पेल किसी भी भारतीय पेसर का कीवी सरजमीं पर चौथा सर्वश्रेष्ठ स्पेल है। पहले दो स्थान पर जवागल श्रीनाथ का कब्जा है। साल 2003 में श्रीनाथ ने ऑक्लैंड में 23 रन देकर चार विकेट लिए थे। इसके अलावा उन्होंने 1995 में नेपियर में 52 रन देकर 4 विकेट झटके थे। सूची में तीसरे स्थान पर मोहम्मद शमी हैं। उन्होंने नेपियर में साल 2014 में 55 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे।
कुंबले के 32 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी से चूके
न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट में पांच विकेट चटकाने वाले एकलौते भारतीय अनिल कुंबले हैं। कुंबले ने साल 1994 में वेलिंगटन में वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 33 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए थे। 32 साल से उनका ये रिकॉर्ड कायम है। अर्शदीप के पास कुंबले के साथ क्लब में शामिल होने का शानदार मौका था लेकिन वो ऐसा कर पाने से चूक गए।
