क्रिकेट

जीरो पर आउट होने के बाद भी कप्तान गिल ने क्यों कहा रोहित भाई ने बदला मैच

भारत ने 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। रोहित शर्मा इस मुकाबले में खाता भी नहीं खोल पाए, लेकिन मैच के बाद कप्तान गिल ने रोहित शर्मा का जिक्र किया और कहा कि उन्हीं के कारण मैच का मोमेंटम टीम इंडिया के पक्ष में गया।

Image

शुभमन गिल (साभार-X)

टीम इंडिया ने 5 मैच की सीरीज का आगाज जीत के साथ किया। ऑकलैंड में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम पूरा ओवर भी नहीं खेल पाई और 185 रन बनाकर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट ने 38, ब्लेयर टिकनर ने 34 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन की पारी खेली। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 4 जबकि गुरनूर ब्रार ने 3 विकेट चटकाए।

3 बार बारिश से मैच में बाधा आई और भारत को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से विराट कोहली ने 74 और शुभमन गिल ने 34 रन की पारी खेली। मैच के बाद गिल ने बताया कि मैच का मोमेंटम कहां टीम इंडिया की तरफ मुड़ गया।

रोहित भाई ने बदला मैच

मैच के बाद बोलते हुए कप्तान गिल ने कहा कि रोहित भाई ने मैच को मोमेंटम टीम इंडिया की ओर मुड़ दिया। रोहित इस मुकाबले में खाता भी नहीं खोल पाए थे, लेकिन उन्होंने अपनी फील्डिंग से कमाल करके दिखाया। 39 साल के रोहित ने अपने दाईं ओर झुकते हुए डैरिल मिचेल को रन आउट किया। मिचेल 41 गेंद में 28 रन की पारी खेलकर आउट हुए। मिचेल टीम इंडिया के खिलाफ सबसे सफल कीवी बल्लेबाज हैं जो 4 शतक के साथ 741 रन बना चुके हैं।

अंशुल और ब्रार की तारीफ की

गिल ने अपने गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। अंशुल कंबोज को उन्होंने इस कंडीशन का बेस्ट गेंदबाज बताया। ब्रार को जो अतिरिक्त उछाल आज के मुकाबले में मिला, गिल ने उसकी भी तारीफ की। ब्रार ने 3 जबकि कंबोज ने 2 विकेट चटकाए।

यहां के कंडीशन पर क्या बोले गिल

गिल ने बार-बार बारिश के कारण मैच रोके जाने पर कहा 'एक बार सेट हो जाने के बाद ज्यादा मुश्किल नहीं होती। हम बस अपना नॉर्मल क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे थे। मुझे लगता है कि जिस तरह से विराट भाई ने बैटिंग की, उससे हमारे लिए चीजें बहुत आसान हो गईं। दूसरे वनडे से पहले अपनी गलतियों के सुधार के बारे में उन्होंने कहा 'अगर हम अपनी परफॉर्मेंस को दोहरा पाते हैं, तो यह हमारे लिए कंसिस्टेंसी की बात है। अगर हम एक ही चीज बार-बार कर पाते हैं, तो मुझे लगता है कि हम बहुत अच्छी जगह पर होंगे।' दूसरा वनडे 7 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article