क्रिकेट

PAK vs BAN: पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 6, 2022, 01:43 PM IST

Pakistan vs Bangladesh (PAK vs BAN) T20 World Cup 2022: पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2022 में रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही टीम इंडिया और पाकिस्तान दोनों ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं और सेमीफाइनल लाइन-अप तय हो गई है।

Image

पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई

Pakistan vs Bangladesh (PAK vs BAN), T20 World Cup 2022: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2022 के मुकाबले में रविवार को पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 5 विकेट से शिकस्त देते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तानी टीम एक समय विश्व कप से बाहर होती नजर आ रही थी लेकिन किस्मत का सिक्का कुछ ऐसा पलटा कि अब वे सेमीफाइनल में हैं। वहीं, दूसरी तरफ टीम इंडिया भी नीदरलैंड्स की द.अफ्रीका पर चौंकाने वाली जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

मैच में बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। मुश्किल पिच पर बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज नजमुल हुसैन शांटो ने 48 गेंद में 54 रन की पारी खेली लेकिन बांग्लादेश की टीम अंत में रन नहीं जुटा सकी जिसमें अफरीदी के बाद पाकिस्तानी स्पिनरों ने विकेट झटके। अफरीदी ने 22 रन देकर चार विकेट चटकाये।

शांटो ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया। इस दौरान वह बेहतरीन लय में दिखे और उन्होंने बड़ी सहजता से गेंद सीमारेखा तक पहुंचायी।

लिटन दास के जल्दी आउट होने के बाद शांटो और सौम्य सरकार (20 रन, 17 गेंद, एक चौका, एक छक्का) ने दूसरे विकेट के लिये 47 गेंद में 72 रन की साझेदारी निभाकर बांग्लादेश के लिये अच्छी नींव रखी।

इस समय ऐसा लग रहा था कि टीम 150 रन से ज्यादा का स्कोर बना लेगी लेकिन फिर शादाब खान (30 रन देकर दो विकेट) ने विकेट गिराने का सिलसिला शुरू किया। इस लेग स्पिनर ने दो गेंद में दो विकेट झटक लिये जिसमें बांग्लादेशी कप्तान शाकिबुल हसन का शून्य पर संदिग्ध डीआरएस आउट होना भी शामिल रहा।

शांटो का ध्यान भंग नहीं हुआ और वह आराम से अपनी पारी आगे बढ़ाते रहे। इस तरह उन्होंने 46 गेंद अपने 50 रन पूरे किये।

लेकिन पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम की ऑफ स्पिनर इफ्तिखार अहमद को गेंदबाजी पर लगाने की रणनीति कारगर रही जिन्होंने शांटो को आउट कर लगाम कसी। इस गेंदबाज ने तीन ओवर में 15 रन देकर एक विकेट हासिल किया। फिर अफरीदी ने दो ओवर में छह गेंद में मोसादेक हुसैन, नुरूल हसन और तास्किन अहमद के विकेट झटके। तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी अच्छी गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर एक विकेट प्राप्त किया।

जवाब में उतरी पाकिस्तान की टीम के ओपनर्स मोहम्मद रिजवान ने 32 और बाबर आजम ने 25 रनों की पारी खेली। मोहम्मद नवाज 4 रन बनाकर आउट हो गए। मोहम्मद हारिस ने 31 रन बनाए और शान मसूद ने नाबाद 24 रनों की पारी खेली। इफ्तिखार अहमद 1 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने इसके साथ ही 18.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 128 रन बनाए। इस दौरान तस्कीन अहमद, शाकिब, मुस्तफिजुर और इबादत ने 1-1 विकेट लिए।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article