रावलपिंडी:मेजबान पाकिस्तान तीन मैच की वनडे सीरीज में श्रीलंका सूपड़ा 3-0 से साफ कर दिया है। रविवार को रावलपिंडी में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम 45.2 ओवर में 211 रन पर सिमट गई। इसके बाद जीत के लिए मिले 212 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 44.4 ओवर में 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। मोहम्मद वसीम को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 47 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने तीन मैच में 9 विकेट अपने नाम किए।
211 रन पर सिमटी श्रीलंका की टीम
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरुआत में बेहतर रही, पथुम निसंका और कमिंदु मेंडिस ने पहले विकेट के लिए 55 रन की अर्धशतकीय साझेदारी की। पहला विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए। सदीरा समरविक्रमा ने 48 रन की पारी खेली। वहीं वनडे डेब्यू करने वाले पवन रत्नायके ने 32 रन की पारी खेलकर टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। मोहम्मद वसीम जूनियर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि हरीस रऊफ और फैज़ल अकरम ने 2-2 विकेट अपनी झोली में डाले। श्रीलंका की पूरी टीम 45.2 ओवर में 211 रन पर सिमट गई।
6 विकेट से जीता पाकिस्तान
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। हसीबुल्लाह खान पारी के चौथे ही ओवर में खाता खोले बगैर महीष तीक्ष्णा का शिकार बने। उनके आउट होने के बाद फखर जमान और बाबर आजम ने दूसरे विकेट के लिए साझेदारी करके पाकिस्तान की पारी को स्थिरता दी। फखर जमान ने आकर्षक अंदाज में 55 रन बनाए और बाबर ने 34 रन की पारी खेली। बीच में जैफरी वेंडरसे ने तीन विकेट लेकर श्रीलंका को मैच में वापस लाने की कोशिश की, लेकिन पाकिस्तान की रिजवान और हुसेन तलत की 100 रन की अविजित साझेदारी ने टीम को सुरक्षित जीत दिलाई। रिजवान ने 61 रन 92 गेंद में बनाए और पाकिस्तान ने 44.4 ओवर में 215/4 का स्कोर बनाते हुए मैच 6 विकेट से जीत लिया। सलमाना आगा ने 6 रन की पारी खेली।
