स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया भर के क्रिकेट फैंस जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच का लुत्फ लेने में विजी थे, तभी सात समुंदर पार एक तेज गेंदबाज ने विश्व रिकॉर्ड बना दिया। यह तेज गेंदबाज न्यूजीलैंड का है। तेज गेंदबाज का नाम ब्रेट रैंडेल है।
ब्रेट रैंडेल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 254 साल के इतिहास में पहली बार यह अनोखा कारनाम कर दिया। ब्रेट रैंडेल प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में 5 गेंदों में 5 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि प्लंकेट शील्ड में हासिल की।
एक पारी में लिए सात विकेट
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के लिए खेलते हुए नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ ब्रेट रैंडेल ने यह कमाल का प्रदर्शन किया। ब्रेट रैंडेल ने 11 ओवर में एक मेडन में 25 देकर 7 विकेट चटकाए। पांच गेंद पर पांच विकेट लेने बाद उन्होंने अपना छठा विकेट आठवीं गेंद पर और सातवां विकेट बारहवीं गेंद पर लिया।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के इतिहास में केवल एक खिलाड़ी ने लिए हैं दस विकेट
प्लंकेट शील्ड के छठे दौर के मैच के दूसरे दिन, मैकलीन पार्क में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 373 रन बनाए। इसके जवाब में नॉर्दर्न की पहली पारी मात्र 82 रन पर सिमट गई। रैंडेल ने सात विकेट चटकाए। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के इतिहास में केवल ब्रायन युइल के पास ही एक पारी में उनसे बेहतर आंकड़े हैं। 1966 में, युइल ने सेंट्रल स्टैग्स के लिए 9/100 विकेट लिए थे।
दूसरी पारी में नहीं मिला है कोई विकेट
रैंडेल दूसरी पारी में आश्चर्यजनक रूप से एक भी विकेट नहीं ले पाए और उन्हें उम्मीद होगी कि कल उनका प्रदर्शन शानदार रहेगा। शायद वे 10 विकेट भी ले लेंगे। खुद उनके अनुसार, पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि उन्होंने गेंद से क्या कमाल कर दिया।
