बिजनेस

दिवाली-छठ पर Train Ticket की टेंशन खत्म! वेटिंग बढ़ी तो रेलवे चलाएगा ‘Train On Demand’

दिवाली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की तैयारी की है। जिन रूट्स पर वेटिंग तेजी से बढ़ेगी, वहां मांग के हिसाब से अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। जानें कैसे काम करेगी Train On Demand योजना।

Image

वेटिंग बढ़ी तो रेलवे चलाएगा ‘Train On Demand’

दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर घर जाने के लिए ट्रेन टिकट की मांग अचानक काफी बढ़ जाती है। दिल्ली, मुंबई, गुजरात और पंजाब जैसे शहरों से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में कई बार महीनों पहले ही सीटें भर जाती हैं और लंबी वेटिंग लिस्ट शुरू हो जाती है। यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस साल Train On Demand के साथ अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की योजना बनाई है।

रेलवे अब रियल टाइम डेटा के जरिए उन रूट्स पर नजर रखेगा, जहां वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है। अगर किसी खास रूट पर वेटिंग एक तय सीमा से ज्यादा हो जाती है, तो रेलवे वहां अतिरिक्त रैक उपलब्ध कराकर ट्रेन चलाने का फैसला कर सकता है। इसका मतलब है कि यात्रियों की मांग और टिकटों की स्थिति को देखकर जरूरत वाले रूट पर अतिरिक्त ट्रेन उपलब्ध कराई जाएगी।

24 से 48 घंटे पहले भी हो सकती है ट्रेन की घोषणा

इस योजना की खास बात यह है कि जरूरत पड़ने पर ट्रेन की घोषणा यात्रा की तारीख से सिर्फ 24 से 48 घंटे पहले भी की जा सकती है। उदाहरण के तौर पर अगर दिल्ली-पटना, मुंबई-दरभंगा या अहमदाबाद-वाराणसी जैसे किसी रूट पर अचानक वेटिंग बहुत बढ़ जाती है, तो रेलवे वहां अतिरिक्त ट्रेन चलाने का फैसला कर सकता है। इससे वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने का एक और मौका मिलेगा।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर वेटिंग टिकट अपने आप कंफर्म हो जाएगा। यात्रियों को नई स्पेशल ट्रेन की घोषणा होने के बाद उसमें उपलब्ध सीट के लिए अलग से टिकट बुक करना होगा। इसलिए त्योहारों के दौरान रेलवे की ओर से जारी होने वाली स्पेशल ट्रेनों की जानकारी पर नजर रखना जरूरी होगा।

बिना रिजर्वेशन भी कर सकेंगे सफर

रेलवे ने उन यात्रियों के लिए भी अनारक्षित जनरल स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है, जिन्हें पहले से रिजर्व टिकट नहीं मिल पाया है। इन ट्रेनों में यात्रा के लिए पहले से रिजर्वेशन की जरूरत नहीं होगी। यात्री रेलवे स्टेशन के सामान्य टिकट काउंटर या UTS Online App के जरिए टिकट लेकर सफर कर सकते हैं।

Confirm Ticket के लिए ये तरीका अपनाएं

रेलवे की VIKALP सुविधा भी यात्रियों के लिए उपयोगी हो सकती है। टिकट बुक करते समय VIKALP विकल्प चुनने पर अगर मूल ट्रेन में सीट कंफर्म नहीं होती है, तो उपलब्धता के आधार पर दूसरी ट्रेन में सीट मिलने का मौका हो सकता है। इसके अलावा रेलवे की ओर से घोषित होने वाली स्पेशल ट्रेनों की सूची पर भी नजर रखें और ट्रेन उपलब्ध होते ही टिकट बुक करें।

रेलवे पहले ही दिवाली और छठ के लिए कई अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें घोषित कर चुका है। ऐसे में त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह है कि आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय टिकट और स्पेशल ट्रेनों की जानकारी समय रहते चेक करते रहें।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article