क्रिकेट

NAM vs SA T20 Match: नामीबिया ने रचा इतिहास, पहली बार दी दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय टी20 में मात

नामीबिया क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार को खेले गए एकमात्र टी20 मुकाबले में 4 विकेट से मात देकर इतिहास रच दिया है। जानिए कैसा रहा रोमांचक मुकाबले का हाल जहां आखिरी गेंद पर हुआ हार जीत का फैसला?

Image

नामीबिया क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट official_cricketnamibia X)

विंडहोक: नामीबिया ने अपने घरेलू दर्शकों के सामने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच की सीरीज में मेहमान टीम को 4 विकेट से मात देकर इतिहास रच दिया। दक्षिण अफ्रीका विंडहोक में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 134 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में जीत के लिए मिले 135 रन के लक्ष्य को डोनोवेन फेरेरा की कप्तानी वाली नामीबियाई टीम ने रोमांचक अंदाज में मैच की आखिरी गेंद हासिल कर लिया। जीत के लिए नामीबिया को पारी के आखिरी ओवर में 11 रन बनाने थे। लेकिन दक्षिण अफ्रीकी पेसर सिमलाने इसका बचाव नहीं कर सके। ओवर की शुरुआत ग्रीन ने छक्के के साथ की और अंतिम गेंद पर चौका जड़कर उन्होंने टीम को यादगार जीत दिला दी। जेन ग्रीन 23 गेंद में 30 और रुबेन ट्रंपेलमेन 11(8) रन बनाकर नाबाद रहे।

खराब रही दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत,नाकाम हुए डिकॉक

पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम का हाल नामीबिया के गेंदबाजों ने बेहाल कर दिया। स्टार बल्लेबाज क्विटन डिकॉक पारी के पहले ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन बनाकर गेरहार्ड इरास्मस की गेंद पर लपके गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रीजा हेंड्रिक्स भी जल्दी पवेलियन लौट गए। ट्रंपलमैन ने उन्हें अपना शिकार बनाया वो 7 रन बना सके।

68 रन पर द. अफ्रीका ने गंवाए 5 विकेट

दक्षिण अफ्रीका ने 4.2 ओवर में 25 रन पर दो विकेटगंवा दिए थे। इसके बाद रुबीन हरमान ने लुहान डि प्रीटोरियस के साथ पारी को संभाला और टीम को 50 रन के पार ले गए। इसके बाद 55 के स्कोर पर हरमान को भी ट्रंपलमैन ने कैच करा दिया। वो 23(18) रन बना सके। इसके बाद लुहान डि प्रीटोरियस भी 22(22) रन बनाकर विकेट के पीछे लपके गए। दक्षिण अफ्रीकी टीम के लगातार विकेट गिरते जा रहे थे और कोई बल्लेबाज पिच पर पैर नहीं जमा पा रहा था। 68 के स्कोर पर टीम को पांचवां झटका भी लग गया। कप्तान डोनोवन फरेरा को भी मैक्स हिंगो ने इरास्मस के हाथं कैच करा दिया।

द. अफ्रीका ने बनाए 20 ओवर में 8 विकेट पर 134 रन

पांच विकेट गंवाने के बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी को संभालने की कोशिश जॉनसन स्मिथ एंडिले सिमिलाने ने की। दोनों स्कोर टीम को 82 रन तक ले गए। इसी स्कोर पर सिमिलाने को बेन शिकोंगो ने इरास्मस के हाथों कैच करा दिया। वो 11(8) रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम 15 ओवर में 100 रन के पार पहुंचने में सफल हुई। टीम 118 रन तक पहुंच गई। 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्मिथ को ट्रंपलमेन ने कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। उन्होंने 31(30) रन बनाए। इसके बाद बोजर्न फोरटुइन और गेराल्ड कोएत्जी टीम को 134 रन तक ले गए। पारी की आखिरी गेंद पर कोएत्जी 12(6) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 20 ओवर में द. अफ्रीकी टीम 8 विकेट पर 134 रन बना सकी। फोरटुइन 19(21) रन बनाकर नाबाद रहे। नामीबिया के लिए रुबेन ट्रंपलमेन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। 2 सफलता मैक्स हिंगो को मिलीं। एक-एक विकेट गेरहार्ड इरास्मस, बेन शिकोंगो और जेजे स्मिट के खाते में गया।

नामीबिया ने 28 रन पर गंवाए 2 विकेट

जीत के लिए 135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे नामीबियाई टीम की शुरुआत भी खराब रही। 22 के स्कोर पर नामीबिया को पहला झटका तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर जेन फ्राइलिंक(7) के रूप में लगा। इसके बाद जल्दी ही दूसरे ओपनर लॉरेन स्टीनकैंप (13)भी पवेलियन लौट गए। बर्गर ने जेन फ्राइलिंक को और कोएत्जी ने स्टीनकैंप को बोल्ड कर दिया। दोनों के 28 के स्कोर पर पवेलियन लौटने के बाद जेन निकोल और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने मोर्चा संभाला। दोनों टीम को 50 रन के पार ले गए लेकिन सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर जेन निकोल को सिमिलाने ने कैच कराकर तीसरा झटका नामीबिया को 51 के स्कोर पर दिया। इसके बाद इरास्मस और जेजे स्मिट ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 66 रन तक ले गए लेकिन पिच पर पैर जमा चुके कप्तान इरास्मस का कैच फोर्टुइन ने अपनी ही गेंद पर लपका और नामीबिया को चौथा झटका दे दिया।

16.2 ओवर में नामीबिया ने पूरे किए 100 रन

कप्तान के आउट होने के बाद स्मिट को मलान क्रुगर का साथ मिला। दोनों स्कोर को 84 रन तक ले गए। 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर स्मिट सिमिलाने की गेंद पर लपके गए और नामीबिया ने पांचवां विकेट गंवा दिया। ऐसे में क्रुगर का साथ देने आए जेन ग्रीन ने पिच पर पैर जमा लिए। दोनों स्कोर को 100 रन के पार 16.2 ओवर में ले गए लेकिन क्रुगर की पारी का अंत बर्गर ने कर दिया। वो 18(21) रन बना सके।

जेन ग्रीन और ट्रपलमैन ने दिलाई जीत

अंतिम ओवरों में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होती दिख रही थी। ऐसे में जेन ने और ट्रपलमैन मोर्चा संभाला। दोनों ने इसके बाद संभलकर बल्लेबाजी की और मैच को आखिरी ओवर तक ले गए। जहां जीत के लिए 11 रन की नामीबिया को दरकार थी। ओवर की पहली गेंद पर सिमिलाने के खिलाफ जेन ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद अगली तीन गेंद पर दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन और बनाए इसके साथ ही स्कोर बराबर हो गया। आखिरी दो गेंद पर जीत के लिए नामीबिया को एक रन बनाने थे। पांचवीं गेंद पर सिमिलाने ने कोई रन नहीं दिया लेकिन आखिरी गेंद पर जेन ने शानदार चौका जड़कर अपनी टीम को 4 विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी। जेन 30(23) और ट्रंपेलमेन 11(8) रन बनाकर नाबाद रहे। द. अफ्रीका के लिए 2-2 विकेट नांद्रे बर्गर और सिमिलाने ने लिए। एत-एक सफलता गेराल्ड कोएत्जी और बोजोर्न फॉरटुइन को मिली।ट्रपलमैन को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गयाष।

(डेवलपिंग स्टोरी)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article