चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2026 में अपने आखिरी लीग मुकाबले में भाग लेने के लिए अहमदाबाद पहुंच चुकी है। गुजरात की टीम प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। सीएसके की टीम प्लेऑफ से तकरीबन बाहर हो चुकी है। किंतु परंतु जैसे गणित के बीच सीएसके की प्लेऑफ में एंट्री की कुछ सांसें शेष रह गई हैं। लेकिन इसके लिए उसे पहले गुजरात को आखिरी लीग मुकाबले में पटखनी देनी होगी। लेकिन इस जोर आजमाइश के दौरान उन्हें टीम को पांच बार चैंपियन बनाने वाले कप्तान एमएस धोनी का साथ नहीं मिलेगा।
चेन्नई के लिए है करो या मरो का मुकाबला
चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच माइक हसी ने गुजरात के खिलाफ मुकाबले से पहले यह बताया है कि एमएस धोनी टीम के साथ अहमदाबाद नहीं आए हैं। अगर टीम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही तो धोनी टीम के साथ जुड़ जाएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स अगर गुजरात के खिलाफ मैच में जीत दर्ज करती है तो उसके खाते में 14 अंक हो जाएंगे। फिलहाल उसके खाते में 13 मैच में 6 जीत और 7 हार के साथ 12 अंक हैं। उसका नेट रन रेट -0.016 का है। आखिरी मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की हार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्लेऑफ के दरवाजे खोल सकता है लेकिन उसे इसके लिए गुजरात को उसके घर पर बड़े अंतर से मात देकर नेट रन रेट में भी सुधार करना होगा।टीम के साथ धोनी नहीं आए हैं अहमदाबाद
धोनी के बारे में हसी ने कहा, मैं यह सुनिश्चित करता हूं कि धोनी टीम के साथ यहां नहीं आए हैं। अगर हम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रहे तो वो निश्चित तौर पर वो टीम के साथ जुड़े जाएंगे। उनके अंगूठे में चोट लगी है, उनकी चोट में तेजी से सुधार हो रहा है लेकिन वो इस मुकाबले के लिए फिट नहीं हो पाते। लेकिन वो अगर हम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल हुए तो निश्चित तौर पर हमें उनका साथ फिर से मिल जाएगा।
हैदराबाद के खिलाफ हार से निराश थी पूरी टीम
हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में हार के बाद प्लेऑफ के लिए चेन्नई की राह मुश्किल होने के बारे में हसी ने कहा, निश्चित तौर पर उस मुकाबले में हार ने हमारे लिए टॉप 4 में पहुंचने की राह मुश्किल कर दी है। व्यक्तिगत रूप से सभी खिलाड़ी उस हार से कुछ सबक लेकर तेजी से आगे बढ़ेंगे। उस मैच में हार से हम सभी निराश थे। गुरुवार को गुजरात के खिलाफ मुकाबले के बारे में हसी ने कहा कि हम अपनी तरफ से मैच में जीत दर्ज करने की पुरजोर कोशिश करेंगे।
