MS Dhoni's Retirement From IPL: चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाने वाले एमएस धोनी ने एक बार फिर अपने जाने पहचाने अंदाज में कप्तानी छोड़कर रुतुराज गायकवाड़ की ताजपोशी का रास्ता साफ कर दिया। कप्तानी छोड़ने के बाद एमएस धोनी की संन्यास की अटकलों ने भी जोर पकड़ लिया है। धोनी संन्यास का ऐलान कब, कहां और कैसे करेंगे इसका पता सिर्फ एक व्यक्ति को है वो थाला खुद हैं।
धोनी का हो सकता है आखिरी आईपीएल सीजन
पीटीआई की रिपोर्ट में कहा, इस तरह की अटकलें लग रही हैं कि धोनी इस सीजन के बाद संन्यास का ऐलान कर देंगे। ऐसे में फ्रेंचाइजी धोनी के बतौर खिलाड़ी मौजूद रहते बदलाव के दौर से गुजरना चाहती है। चेन्नई सुपर किंग्स ने ऐसे ही बदलाव की कोशिश साल 2022 में भी की थी लेकिन वो कोशिश नाकाम रही और धोनी को बीच सीजन टीम की कमान जडेजा के हाथों से अपने हाथ में लेनी पड़ी। इस बारे में सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा, बदलाव तब कारगर नहीं हुआ था। लेकिन इस बार का बदलाव( रुतुराज को कप्तान बनाना) अलग है।
धोनी का निर्णय होता है टीम हित में
एमएस धोनी पिछले सीजन घुटने की चोट के बावजूद खेले और सीएसके को पांचवीं बार चैंपियन बनाने में सफल रहे। धोनी ने कप्तानी छोड़ने का निर्णय अचानक लिया और इस निर्णय की सूचना टीम मैनेजमेंट को कप्तानों के फोटोशूट से ठीक पहले दी। धोनी ने कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ के हाथों में सौपने का निर्णय किया। इस बारे में सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथ ने कहा, धोनी जो भी निर्णय करते हैं वो टीम के हित में होता है। मुझे धोनी के कप्तानी रुतुराज के हाथों में सौंपने की बात कप्तानों की बैठक से ठीक पहले मिली। ये उनका फैसला है। आपको उनके निर्णय का सम्मान करना है।
