क्रिकेट

छिन सकती है मोहम्मद रिजवान से वनडे कप्तानी, नए नेतृत्व की तलाश में पीसीबी

पाकिस्तान क्रिकेट टीम एक और बदलाव को लेकर सुर्खियों में है। 3 फॉर्मेट में फिलहाल पाकिस्तान का नेतृत्व 3 अलग-अलग खिलाड़ी कर रहे हैं, लेकिन अब वनडे की कमान नए खिलाड़ी को दी जा सकती है। रिपोर्ट की मानें तो रिजवान की कप्तानी जा सकती है।

Image

मोहम्मद रिजवान (साभार-ICC)

अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान के वनडे कप्तान पद से हटाया जा सकता है। पाकिस्तान की राष्ट्रीय चयन समिति और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के सलाहकार बोर्ड की सोमवार को लाहौर में संयुक्त बैठक होगी जिसमें वनडे कप्तान पर फैसला किया जा सकता है। पीसीबी ने एक बयान में पुष्टि की कि पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीमों के मुख्य कोच माइक हेसन ने पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी को पत्र लिखकर एकदिवसीय टीम के मामलों और कप्तानी पर चर्चा के लिए चयनकर्ताओं और सलाहकारों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया था।

बयान में कहा गया है, ‘‘वनडे कप्तानी पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने चयनकर्ताओं और सलाहकारों से इस मामले पर चर्चा के लिए सोमवार को बैठक करने को कहा है।’’ हेसन भी बैठक का हिस्सा होंगे। वर्तमान में पाकिस्तान के पास तीनों प्रारूपों में तीन अलग-अलग कप्तान हैं, जिनमें शान मसूद टेस्ट टीम का, रिजवान एकदिवसीय टीम का और सलमान अली आगा टी-20 टीम का नेतृत्व करते हैं।

कप्तान के तौर पर मोहम्मद रिजवान

रिजवान ने कप्तान के तौर पर वनडे में पाकिस्तान के लिए 20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 9 में जीत और 11 में हार का सामना करना पड़ा। कप्तान के तौर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीत उनकी उपलब्धि रही है, जबकि न्यजीलैंड के खिलाफ उनकी कप्तानी में पाकिस्तान को क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। पीसीबी रिजवान को पहले ही टी20 सेटअप से बाहर कर चुकी है। ऐसे में अगर वनडे में भी उनकी कप्तानी चली गई तो उन्हें टीम में जगह बनाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article