दुनिया

'महंगी रोटी और पेट्रोल-डीजल पर टैक्स से त्रस्त...', पाकिस्तान में जनता का फूटा गुस्सा, शहबाज सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

पाकिस्तान में बढ़ती महंगाई और ईंधन पर भारी टैक्स के खिलाफ जनता का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। जमात-ए-इस्लामी ने लाहौर में मुख्यमंत्री आवास के बाहर चल रहे धरने के 10वें दिन केंद्र सरकार को सीधी चेतावनी दी है। पार्टी प्रमुख हाफिज नईम उर रहमान ने मांग की है कि सरकार पेट्रोलियम लेवी और ईंधन पर लगाए गए अतिरिक्त टैक्स तुरंत वापस ले।

Image

महंगाई से तंग आकर सड़कों पर उतरा पाकिस्तान (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : ANI

पड़ोसी देश पाकिस्तान में चरमराती अर्थव्यवस्था और आसमान छूती महंगाई ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। ईंधन की बढ़ती कीमतों और भारी-भरकम करों (टैक्स) के खिलाफ जमात-ए-इस्लामी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पंजाब प्रांत के लाहौर स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर पार्टी का धरना लगातार 10वें दिन भी जारी रहा।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख हाफिज नईम उर रहमान ने शहबाज शरीफ सरकार को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द से जल्द पेट्रोलियम उत्पादों पर लगाई गई लेवी और ईंधन करों को समाप्त करे। अगर सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया, तो 13 रबी-उल-अव्वल को देशव्यापी हड़ताल की तारीख का ऐलान कर दिया जाएगा। हाफिज नईम ने साफ चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर पूरे देश में सड़कें जाम की जाएंगी और लाखों की संख्या में लोग इस्लामाबाद की तरफ कूच करेंगे।

'10 रुपये में मिले रोटी'

जमात प्रमुख ने पाकिस्तान की मौजूदा और पूर्ववर्ती सरकारों की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के हुक्मरान अपनी नाकामियों और आर्थिक बोझ को हमेशा आम नागरिकों की जेब पर डालते रहे हैं। पार्टी ने मांग रखी है कि ईंधन पर लगे टैक्स खत्म करने के साथ-साथ रोटी की कीमत घटाकर 10 रुपये की जाए ताकि गरीब जनता को सीधी राहत मिल सके।

धांधलियों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की

इसके अलावा, उन्होंने स्वतंत्र बिजली उत्पादकों (IPP) को दिए जाने वाले महंगे ईंधन और कोयला आयात में हुई कथित धांधलियों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि गलत ऊर्जा नीतियों का खामियाजा जनता भारी-भरकम बिजली बिल चुका कर भुगत रही है। जमात-ए-इस्लामी ने सरकार की वार्ता समिति को सीधे धरना स्थल पर आकर जवाब देने की चुनौती दी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article