WPL 2023, Gujarat Giants Mithali Raj: गुजरात जाइंट्स की मेंटोर मिताली राज और मुख्य कोच रशेल हैंस ने टीम के महिला प्रीमियर लीग से बाहर होने के बाद कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही प्रमुख खिलाड़ियों को खोने से टीम संयोजन बिगड़ा। कप्तान और आस्ट्रेलिया की सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी पहले ही दिन चोटिल हो गई और बाकी मैच नहीं खेल सकी।
मिताली ने कहा, ‘हमारी टीम अच्छी थी, लेकिन नतीजे हमारे पक्ष में नहीं रहे। हमने प्रमुख खिलाड़ियों को शुरू में गंवा दिया, जिससे टीम संयोजन बिगड़ गया। इसके बावजूद टीम ने जीत की ललक दिखाई।’अपने आखिरी मैच में यूपी वारियर्स से हारकर गुजरात जाइंट्स बाहर हो गई।
वहीं हैंस ने कहा, ‘इतनी शानदार टीम के मुख्य कोच के रूप में मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा। हमने कठिन पल देखे लेकिन टीम ने जुझारू प्रदर्शन किया। हम इस टूर्नामेंट से सकारात्मक चीजें लेकर जाएंगे।’
गुजरात सिर्फ दो मैच जीत सकी
विमेंस प्रीमियर लीग में गुजरात जाएंट्स का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। टीम को कुल आठ मैचों में से सिर्फ दो मैच में जीत मिली, जबकि छह मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही गुजरात जाएंट्स पॉइंट टेबल में 4 अंक और -2.220 नेट रनरेट के साथ सबसे नीचे यानी पांचवें नंबर पर रहे। गुजरात को लीग के अपने आखिरी मुकाबले में यूपी वॉरियर्ज से 3 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम भी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। टीम ने सात मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल की और पांच में हार का सामना करना पड़ा। बेंगलोर कुल 4 अंक और -1.044 की नेट रनरेट के साथ चौथे नंबर पर रही।
(भाषा इनपुट के साथ)
