उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के हजारों पदों पर भर्ती का रास्ता साफ कर दिया है। आयोग ने कुल 15,012 पदों के लिए दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इन भर्तियों में सहायक अध्यापक से लेकर प्रवक्ता संवर्ग के पद शामिल हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने इसे लेकर विस्तार से जानकारी दी हैष उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया को ऑनलाइन रखा गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही संबंधित भर्ती के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
सहायक अध्यापक के 12 हजार से ज्यादा पद
पहली भर्ती में माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से जुड़े प्राइमरी वर्ग में 897 सहायक अध्यापक पद रखे गए हैं। वहीं,बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक,शहरी के 11,508 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस तरह इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर 12,405 पदों पर भर्ती होगी। आयोग ने इसके लिए विज्ञापन संख्या 05/2026 जारी किया है।
16 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
इन पदों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थियों के पास आवेदन शुल्क जमा करने के लिए 15 अक्टूबर 2026 तक का समय रहेगा। अगर आवेदन में किसी तरह की गलती रह जाती है तो उसमें सुधार के लिए 19 अक्टूबर 2026 तक मौका दिया जाएगा। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
प्रवक्ता के 2,607 पदों पर भी भर्ती
शिक्षक भर्ती का दूसरा विज्ञापन अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के पदों के लिए है। इस भर्ती के तहत कुल 2,607 रिक्त पद भरे जाएंगे। इसके लिए आयोग ने विज्ञापन संख्या 06/2026 जारी किया है। पीजीटी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 17 अक्टूबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन करने की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रवक्ता संवर्ग के पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।आवेदन से पहले OTR करना होगा पूरा
आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू की है। इसका मतलब है कि भर्ती के लिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवार को OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वह संबंधित विज्ञापन के तहत अपना फॉर्म भर सकेगा। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती का पूरा विज्ञापन और उसमें दी गई निर्देश पुस्तिका जरूर पढ़ें। पात्रता, शैक्षणिक योग्यता और अन्य शर्तों को अच्छी तरह जांचने के बाद ही आवेदन करना चाहिए।कहां मिलेगी भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी?
भर्ती की योग्यता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा से जुड़े नियम और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले upessc.up.gov.in पर जारी विज्ञापन और निर्देशों को ध्यान से देखने की सलाह दी गई है।
