शहर

UP : आखिर क्यों स्पेशल हेलीकॉप्टर से लखनऊ बुलाए गए मंत्री मनोज पांडेय? CM योगी ने कराई खास व्यवस्था; अटकलें तेज

योगी कैबिनेट बैठक में हिस्सा लेने के लिए रायबरेली से कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय को विशेष हेलीकॉप्टर के जरिए लखनऊ बुलाया गया। इस बात को लेकर राजनीतिक हलकों में मनोज पाण्डेय के बढ़ते कद की चर्चा तेज है।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार की मंगलवार को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए रायबरेली में मौजूद कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय को लखनऊ से स्पेशल हेलीकॉप्टर भेजा गया, जिसके जरिए उन्हें राजधानी बुलाया गया। वे ऊंचाहार में चल रही पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण के आयोजक हैं और वे वहां कथा में शामिल थे। उसके बीच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से विशेष हेलीकॉप्टर भेजकर लखनऊ बुलाया जाना प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। इसे मनोज पांडेय के बढ़ते राजनीतिक कद और मुख्यमंत्री के भरोसे के महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

हेलीकॉप्टर के जरिए मनोज पांडेय लखनऊ पहुंचे और इसके बाद कैबिनेट बैठक में हिस्सा लिया। मंत्री ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके इस स्नेह और विश्वास के लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।

मुख्यमंत्री की ओर से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था

मनोज पांडेय ऊंचाहार में पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिवमहापुराण कथा में पहुंचे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। मंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और लोगों की आस्था का भी उल्लेख किया। मंत्री के मुताबिक, इसी धार्मिक आयोजन के बीच उन्हें कैबिनेट बैठक में पहुंचना था। समय पर लखनऊ पहुंचने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई। हेलीकॉप्टर से लखनऊ पहुंचने के बाद उन्होंने सीधे कैबिनेट बैठक में भाग लिया।

मनोज पांडेय ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से मिला यह स्नेह और विश्वास उनके लिए हमेशा आत्मीय रहेगा। इस कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा समेत तमाम दिग्गज पहुंच चुके हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के दो दर्जन से अधिक मंत्री और विधायक शामिल हो चुके हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!