शहर

गैंगस्टरों पर मान सरकार का ‘ऑपरेशन’, विदेशों में छिपे अपराधियों पर भी शिकंजा; AAP बोली- दुनिया में कहीं सुरक्षित ठिकाना नहीं

पन्नू ने कहा कि सरकार ने पंजाब पुलिस को आधुनिक तकनीक और बेहतर उपकरणों से लैस किया है। इसका मकसद पंजाब में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को खत्म करना और विदेश भाग चुके अपराधियों तक पहुंचना है।

Image

AAP पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू

पंजाब में नशे और अपराध के खिलाफ भगवंत मान सरकार के अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी ने बड़ा बयान दिया है। AAP पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मंगलवार को कहा कि पंजाब पुलिस विदेशों में छिपे गैंगस्टरों को भी वापस लाने में जुटी है। उनके मुताबिक, अब तक एक दर्जन से ज्यादा गैंगस्टरों को विदेश से पंजाब वापस लाया जा चुका है।

पन्नू ने कहा कि सरकार ने पंजाब पुलिस को आधुनिक तकनीक और बेहतर उपकरणों से लैस किया है। इसका मकसद पंजाब में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को खत्म करना और विदेश भाग चुके अपराधियों तक पहुंचना है। उन्होंने दावा किया कि मान सरकार ने साफ कर दिया है कि पंजाब में अपराध करने वाला कोई गैंगस्टर दुनिया के किसी भी हिस्से को अपना सुरक्षित ठिकाना नहीं समझ सकता।

कनाडा से लौटाया गया लॉरेंस बिश्नोई का करीबी

बलतेज पन्नू ने हाल ही में करमवीर सिंह उर्फ करमवीर देव को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी करमवीर देव को कनाडा से डिपोर्ट किया गया और दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। पन्नू के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद एजीटीएफ की टीम उसे पंजाब लेकर आ रही है। उन्होंने इसे सरकार की उस नीति का उदाहरण बताया, जिसके तहत विदेशों में छिपे अपराधियों को भी वापस लाने की कोशिश की जा रही है।

अमेरिका से अनमोल बिश्नोई, दुबई-मलेशिया से भी गैंगस्टर वापस

AAP नेता ने दावा किया कि विदेश से वापस लाए गए गैंगस्टरों में सचिन बिश्नोई, मनप्रीत सिंह उर्फ पीता, रमनजीत सिंह उर्फ रोमी, परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी, अनमोल बिश्नोई, अमृतपाल उर्फ मेहरो, गुरविंदर सिंह और जोबनदीप सिंह उर्फ जोबन बिल्ला शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से, जबकि अमृतपाल उर्फ मेहरो को दुबई से वापस लाया गया। गुरविंदर सिंह को मलेशिया से वापस लाए जाने का भी दावा किया गया। पन्नू ने यह भी कहा कि हाल ही में एजीटीएफ की टीम ने अमृतपाल उर्फ अमृत ढल्लम को मोल्दोवा से वापस लेकर आई थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने टीम से मुलाकात कर उसके प्रयासों की सराहना की।

‘2007-2017 के दौरान बढ़ा गैंगस्टरवाद’

बलतेज पन्नू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2007 से 2017 के बीच गैंगस्टरवाद में काफी बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 2017 से 2022 के दौरान कांग्रेस सरकार के समय भी स्थिति में बड़ा बदलाव नहीं आया। इस दौरान AAP नेता ने पिछली सरकार पर एक गैंगस्टर को उत्तर प्रदेश से पंजाब की जेल में लाकर कथित तौर पर वीआईपी सुविधाएं देने का आरोप भी लगाया।

पन्नू ने कहा कि मान सरकार ने पंजाब पुलिस को सिर्फ नई गाड़ियों या सामान्य संसाधनों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि जवानों को एडवांस टेक्नोलॉजी और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए हैं। इस दौरान AAP नेता ने दावा किया कि पंजाब पुलिस उन देशों में भी अपराधियों का पीछा कर रही है, जहां भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि नहीं है। उन्होंने कहा कि कई देशों के साथ सहयोग बढ़ रहा है क्योंकि वहां छिपे गैंगस्टर अब उन देशों के लिए भी चुनौती बन रहे हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!