क्रिकेट

MI vs PBKS Pitch Report: मुंबई और पंजाब के बीच आज के मैच की पिच रिपोर्ट

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 18, 2024, 01:21 PM IST

IPL 2024, MI vs PBKS Pitch Report Today Match: आईपीएल 2024 में आज का मुकाबला मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने जा रहा है। पिछले मैच में चेन्नई से हार के बाद मुंबई के ऊपर इस मैच में पंजाब के होम ग्राउंड पर दबाव होगा। यहां जानिए मुंबई-पंजाब के बीच आज के मैच की पिच रिपोर्ट, कैसा है मुल्लांपुर का विकेट और क्या कहते हैं इन दोनों टीमों के इस मैदान पर आंकड़े।

Image

मुंबई-पंजाब मैच पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आज आईपीएल 2024 में आमने-सामने मुंबई और पंजाब
  • मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होगा अहम मुकाबला
  • मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मैच

IPL 2024, MI vs PBKS Pitch Report Today Match: पांच बार की आईपीएल चैंपियनमुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) आज होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के मुकाबले में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के सामने होगी। मुंबई और पंजाब के बीच खेला जाने वाला ये मैच मुल्लांपुर (Mullanpur) के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। शाम साढ़े 7 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम के ऊपर काफी दबाव होगा क्योंकि अपने पिछले मैच में वो चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने ही घर में हारकर आ रहे हैं और उन्हें अगर आज वापसी करनी है तो पंजाब को उसके घर में मात देनी ही होगी।

आईपीएल 2024 में आज मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच मैच खेला जाना है, उससे पहले जानते हैं कि इन दोनों टीमों का आईपीएल इतिहास में आमने-सामने का रिकॉर्ड कैसा रहा है। मुंबई और पंजाब के बीच आईपीएल के पिछले 16 सालों में अब तक 31 मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में 16 बार मुंबई इंडियंस की टीम को जीत मिली है जबकि 15 बार पंजाब किंग्स ने बाजी मारी है। आज पंजाब अपने होम ग्राउंड पर खेलते हुए इन आंकड़ों को बराबरी पर ला सकती है। आज के मैच में मुंबई इंडियंस की तरफ जिन खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी उनमें सबसे ऊपर नाम आता है पिछले मैच के शतकवीर व पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma), उनके अलावा जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), ईशान किशन (Ishan Kishan) और टिम डेविड (Tim David) से भी उम्मीदें रहेंगी। वहीं मेजबान पंजाब किंग्स की तरफ से कप्तान शिखर धवन (Shikhar Dhawan) के साथ-साथ ऑलराउंडर सैम करन (Sam Curran), लियाम लिविंगस्टोन (Liam Livingstone) और सिकंदर रजा (Sikandar Raza) पर निगाहें टिकी होंगी।

मुंबई-पंजाब मैच की पिच रिपोर्ट (MI vs PBKS Pitch Report Today Match)

इंडियन प्रीमियर लीग में आज का मैच मुंबई और पंजाब के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। इस नए आईपीएल ग्राउंड की पिच ने पिछले कुछ मैचों में फैंस को खूब चौंकाया है और कई रोमांचक मैच भी दिए है। यहां पेस और उछाल अच्छा है लेकिन बल्लेबाजों के लिए ये काफी फायदेमंद साबित हुआ है। तेज गेंदबाज बेशक अपनी रफ्तार और उछाल से खौफ पैदा करेंगे लेकिन गेंद सीधे बल्ले पर आ रही है जिसका फायदा बल्लेबाजों को मिल रहा है, ऐसे में एक बार फिर यहां खूब रन देखने को मिल सकते हैं। टॉस जीतने वाली टीम यहां लक्ष्य का पीछा करना चाहेगी क्योंकि दोनों पारियों में पिच में ज्यादा अंतर नहीं आता और रन बनाने की गुंजाइश लगातार बनी रहती है। इस मैदान पर पहले दो मैचों में 170 से 182 के बीच स्कोर बने लेकिन पिछले मैच में पंजाब की टीम 148 रनों का लक्ष्य ही दे सकी थी जिसे राजस्थान रॉयल्स ने 19.5 ओवर में 7 विकेट खोते हुए हासिल कर लिया था।

इस मैदान पर मुंबई और पंजाब के आंकड़े (MI and PBKS Stats At Mullanpur)

मुल्लांपुर का महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अभी एक नया मैदान हैं जहां मेजबान पंजाब किंग्स के साथ कुछ ही टीमों ने मैच खेला है। आज मुंबई की बारी है। मुंबई ने इससे पहले यहां कोई भी मैच नहीं खेला है। वैसे अगर मुंबई और पंजाब की आखिरी आईपीएल भिड़ंत की बात करें तो ये मैच मोहाली के मैदान पर पिछले आईपीएल सीजन में हुआ था। उस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने अपने पुराने घरेलू मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 214 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन मुंबई इंडियंस ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया था। मुंबई की तरफ से ईशान किशन (75) और सूर्यकुमार यादव (66) ने अर्धशतकीय पारियां खेली थीं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article