केतन अग्रवाल हत्याकांड में लोनावला ग्रामीण पुलिस ने वडगांव मावल की फर्स्ट क्लास ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कोर्ट में करीब 2500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में जांच के दौरान फोरेंसिक जांच से जुड़ी रिपोर्ट, घटनास्थल से बरामद सामान, डिजिटल और साइबर साक्ष्य, गवाहों के बयान तथा मेडिकल रिपोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों से संबंधित कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
तीन लोगों ने वारदात देखने का दावा किया
पुलिस ने चार्जशीट में करीब 80 से 85 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। जांच के मुताबिक, मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित भूमिका सामने आई है। चार्जशीट में शामिल करीब 80 से 85 गवाहों में तीन ऐसे लोग भी हैं, जिनके बारे में पुलिस का कहना है कि उन्होंने कथित तौर पर सिया गोयल और चेतन चौधरी को वारदात के दौरान देखा था। पुलिस ने इन लोगों के बयान जांच का हिस्सा बनाए हैं। इसके अलावा जांच एजेंसी ने आरोपियों के मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड का भी विश्लेषण किया है। पुलिस का दावा है कि सिया और चेतन के बीच बड़ी संख्या में फोन कॉल हुई थीं और कई बातचीत काफी लंबी थीं।
लोहागढ़ में पहले भी कोशिश का दावा
चार्जशीट के मुताबिक, पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि सिया इससे पहले 14 जून को केतन को लोहागढ़ ले गई थी और कथित तौर पर उसे चट्टान से धक्का देने की कोशिश की थी। पुलिस का दावा है कि उस समय केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गया था। जांच के दौरान पुलिस को सिया की कथित ऑनलाइन सर्च हिस्ट्री भी मिली। चार्जशीट में कहा गया है कि उसने 2025 में लोहागढ़ में हुई एक ऐसी ही घटना के बारे में इंटरनेट पर जानकारी खोजी थी। इसके अलावा पुलिस ने सर्च हिस्ट्री में सोनम रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ी सर्च का भी उल्लेख किया है।
चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले की आगे की न्यायिक प्रक्रिया अदालत में चलेगी। अदालत उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों पर विचार करेगी। इसके बाद मामले में आरोप तय किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
मुख्य आरोपी के वकील ने क्या कहा?
मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के वकील एडवोकेट राम सहाने ने भी चार्जशीट दाखिल होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बचाव पक्ष पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट का अध्ययन करेगा और इसके बाद अदालत के सामने अपना पक्ष रखेगा।
दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में
जांच के दौरान पुलिस को केतन अग्रवाल और उनकी मंगेतर एवं आरोपी सिया गोयल के बीच हुई चैट से संबंधित डिजिटल सामग्री भी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस तरह के डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया है। पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक,सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों इस मामले में हिरासत में हैं। पुलिस ने पूछताछ के दौरान दोनों के कथित तौर पर अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार करने का दावा किया है।परिवार को न्याय की उम्मीद
चार्जशीट समय पर अदालत में दाखिल होने के बाद केतन अग्रवाल के परिवार को मामले में जल्द न्याय मिलने की उम्मीद है। अब केस की अगली दिशा अदालत में होने वाली सुनवाई और पेश किए गए साक्ष्यों के परीक्षण पर निर्भर करेगी।
