Air India Technical Snag: काठमांडू जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को शनिवार को संदिग्ध तकनीकी समस्या के चलते वापस दिल्ली लौटना पड़ा। एयरलाइन के मुताबिक, दिल्ली में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। इसके बाद विमान से सभी यात्रियों एवं क्रू मेंबर्स को उतारा गया।
वापस दिल्ली लौटा विमान
एयर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट संख्या AI219 दिल्ली से काठमांडू के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या की आशंका के बाद मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान को वापस दिल्ली लाने का फैसला किया गया।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, "19 सितंबर को दिल्ली से काठमांडू जाने वाली फ्लाइट AI219 का संचालन कर रहे क्रू ने संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण मानक प्रक्रिया के तहत विमान को दिल्ली वापस लाया। फ्लाइट ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों तथा क्रू ने विमान से उतर गए।"
एयरलाइन ने जताया खेद
बकौल एयर इंडिया, यात्रियों को बाद में एक वैकल्पिक विमान से काठमांडू भेजा गया। हालांकि, विमान में सवार यात्रियों की कुल संख्या की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर SpiceJet का हाल बेहाल? 3 उड़ानों में भारी देरी के चलते यात्री परेशान; DIAL ने दी सफाई
दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री परेशान
इससे पहले, दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार को स्पाइसजेट की तीन उड़ानों में अत्यधिक देरी के कारण कई यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट के संचालक डीआईएएल ने 'एक्स' पर एयरपोर्ट के एक बोर्डिंग गेट पर खड़े यात्रियों का एक वीडियो क्लिप साझा किया।
डीआईएएल ने कहा कि स्पाइसजेट की कुछ उड़ानों के परिचालन में आई बाधा के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए उसे खेद है। एक बयान में, स्पाइसजेट ने कहा कि दिल्ली से लेह जाने वाली उड़ान एसजी121 व एसजी127 और दिल्ली से जम्मू जाने वाली एसजी2160 परिचालन कारणों से विलंबित हुईं।
