बारासात (पश्चिम बंगाल): मोहन बागान ने शनिवार को बारासात स्टेडियम में हुए रोमांचक मुकाबले में मोहम्मडन स्पोर्टिंग को 3-2 से हराकर कलकत्ता फुटबॉल लीग (सीएफएल) प्रीमियर डिवीजन का खिताब अपने नाम किया जो उसकी 31वीं लीग ट्रॉफी है। मोहन बागान ने 2018 के बाद पहली बार यह ट्रॉफी जीती है। 59वें मिनट में गोलकीपर दीपप्रभात घोष को लाल कार्ड मिलने के बाद 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहे मोहन बागान ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की। टीम एक समय 1-2 से पिछड़ रही थी।
मिडफील्डर सहल अब्दुल समद ने कराई वापसी
भारत के मिडफील्डर सहल अब्दुल समद ने वापसी की नींव रखी और 26वें तथा 70वें मिनट में हेडर से दो गोल दागे। मोहम्मडन स्पोर्टिंग की ओर से लालरेमसांगा फनाई ने 42वें मिनट में और महितोष रॉय ने 63वें मिनट में पेनल्टी पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई थी। पिछले दो सत्र ईस्ट बंगाल के लिए खेलने वाले युवा फॉरवर्ड सायन बनर्जी ने 74वें मिनट में विजयी गोल दागकर मोहन बागान की ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी। इस जीत के बाद मोहन बागान के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया जिससे प्रतिष्ठित स्थानीय लीग में टीम का आठ साल से चला आ रहा खिताबी सूखा खत्म हो गया।
ऐसा रहा मोहन बागान का टूर्नामेंट में प्रदर्शन
चैंपियनशिप राउंड में टीम ने कोल इंडिया के खिलाफ 5-1 की शानदार जीत से शुरुआत की, लेकिन इसके बाद यूनाइटेड स्पोर्ट्स के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ ने उसकी स्थिति को थोड़ा मुश्किल कर दिया। ड्रॉ रहे मुकाबले में मोहन बागान 90वें मिनट तक आगे था लेकिन इंजरी टाइम में गोल खाकर दो अंक गंवा दिए। इसके बाद मोहम्मडन स्पोर्टिंग के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में मोहन बागान के लिए जीत हासिल करना जरूरी था। ऐसे में टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 3-2 के अंतर से जीत दर्ज की और आठ साल लंबे अंतराल बाद अपना 31वां कलकत्ता फुटबॉल लीग खिताब हासिल किया।
(भाषा)
