Delhi News: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका इलाके में शनिवार तड़के एक 35 वर्षीय मजदूर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी पवन राम के रूप में हुई है। पवन मजदूरी करता था और द्वारका स्थित इस्कॉन मंदिर के आसपास रहता था। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फुटपाथ पर मिला शख्स
पुलिस को शनिवार सुबह करीब 5:50 बजे एक शख्स के फुटपाथ पर घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। उसके सिर से खून निकल रहा था। यह सूचना संबंधित रिहायशी सोसाइटी में तैनात 58 वर्षीय सुरक्षा गार्ड शंभू सिंह ने पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही घायल पवन को अस्पताल ले जाया जा चुका था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि एक डिलीवरी एजेंट मनोज ने पवन को फुटपाथ पर औंधे मुंह पड़ा देखा था। इसके बाद उसने मदद के लिए Blinkit की एंबुलेंस को बुलाया। पवन को अस्पताल ले जाने से पहले प्राथमिक उपचार भी दिया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
लकड़ी के डंडे से किया गया हमला
मामले की जांच में सामने आए CCTV फुटेज से घटना की अहम कड़ी मिली है। फुटेज के मुताबिक, पवन रात करीब 2:50 बजे फुटपाथ पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा था। इसके लगभग एक घंटे बाद एक व्यक्ति वहां पहुंचा और कथित तौर पर लकड़ी के डंडे से पवन पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
