क्रिकेट

2 रन से चूक गए जोस बटलर, बाल-बाल बचा डेविड मलान का टी20 रिकॉर्ड

SL vs ENG: इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने 62 रन की पारी के दम पर तीसरे टी20 मुकाबले में अपनी टीम को 8 विकेट से जीत दिला दी। इस पारी के दम पर बटलर ने रिजवान का रिकॉर्ड तो तोड़ा लेकिन वह डेविड मलान के रिकॉर्ड से चूक गए।

Image

जोस बटलर (साभार-X)

श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में जोस बटलर ने 62 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी टीम को आसान जीत दिला दी। इंग्लैंड के सामने 125 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 10वें ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया और 3 मैच की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। बटलर 32 गेंद में 62 रन बनाकर नाबाद रहे। यह इस सीरीज में जोस बटलर का दूसरा अर्धशतक है। वह इस सीरीज में सबसे सफल बल्लेबाज रहे। 3 मैच की इस सीरीज में बटलर ने 86.00 की औसत और 186.96 के स्ट्राइक रेट से 171 रन बनाए। बटलर दो रन से डेविड मलान का रिकॉर्ड टूटने से चूक गए।

2 रन से चूक गए जोस बटलर

तीन मैच की टी20 सीरीज की बात करें तो 171 रन इंग्लैंड बल्लेबाज की ओर से दूसरा सबसे ज्यादा रन है। इस लिस्ट में टॉप पर डेविड मलान हैं जिन्होंने साल 2020 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैच की सीरीज में 173 रन बनाए थे। इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर कप्तान हैरी ब्रूक हैं जिन्होंने इसी सीरीज में 170 रन बनाए। उन्होंने पहले टी20 मुकाबले में 114 रन की पारी खेली थी।

टूट गया बाबर आजम का रिकॉर्ड

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो यह जोस बटलर का 163 मैच में 32वां फिफ्टी प्लस स्कोर है। उन्होंने पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ दिया। रिजवान के नाम इस फॉर्मेट में 31 फिफ्टी प्लस स्कोर हैं। इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम है। बाबर के नाम इस फॉर्मेट में 42 फिफ्टी प्लस स्कोर है। सर्वाधिक रन बनाने के मामले में फिलहाल बटलर 4,383 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। बाबर के नाम सर्वाधिक 4,596 रन हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article