मैनचेस्टर: एशियाई खेलों में अभियान के आगाज से पहले श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टी20 टीम से आईसीसी टीम रैंकिग में नंबर वन का ताज छिन गया है। इंग्लैंड श्रीलंका को तीन मैच की टी20 सीरीज में 3-0 के अंतर से मात देकर एक बार फिर दुनिया की नंबर वन टीम बन गई है। शनिवार को तीन मैच की सीरीज के आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड ने आतिशी अंदाज में 8 विकेट के अंतर से जीत हासिल की।
62 गेंद रहते दर्ज की जीत
शनिवार को मैनचेस्टर में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में श्रीलंका की टीम 18.5 ओवर में 124 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद जीत के लिए मिले 125 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 9.4 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया और सीरीज में श्रीलंकाई टीम का सूपड़ा साफ कर दिया। जोस बटलर ने 32 गेंद में 62 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं कप्तान हैरी ब्रूक ने 21 गेंद में 33 रन का योगदान दिया।
भारत का सूपड़ा साफ करके बनी थी नंबर वन
इंग्लैंड की टीम इससे पहले भारत को चार मैच की टी20 सीरीज में 4-0 से मात देकर दुनिया टी20 में दुनिया की नंबर वन टीम बनी थी। लेकिन श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने जिंबाब्वे को उसके घर पर 3-0 से मात देकर दोबार पहला स्थान हासिल कर लिया था। ऐसे में हैरी ब्रूक कप्तानी में धमाकेदार प्रदर्शन कर रही इंग्लैंड की टीम श्रीलंका का सूपड़ा साफ करके एक बार फिर नंबर वन का ताज हासिल करने में सफल रही है।
ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड मचा रहा है धमाल
हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड ने अबतक खेले 27 टी20 मैच में से 21 में जीत दर्ज की है जबकि 3 मैच में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है, तीन मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला। टी20 विश्व कप 2026 में भी उनकी कप्तानी में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी जहां भारतीय टीम ने उसे फाइनल में पहुंचने से रोक दिया था।
