शहर

अंतिम पड़ाव पर 'झूठ की गूंज', राहुल गांधी की भाषा निंदनीय; अजीत डोभाल पर कमेंट को लेकर भड़के पुष्कर धामी

इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में नेता विपक्ष राहुल गांधी की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर लगाए गए आरोपों पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध में कांग्रेस का स्तर इतना गिर चुका है कि देश की सुरक्षा करने वाले व्यक्तित्वों के प्रति भी सम्मान नहीं बचा।

Image

राहुल गांधी की छात्रों के गूंज कार्यक्रम पर सीएम धामी ने उठाए सवाल

देहरादून : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में छात्रों से सीधा संवाद करने के लिए 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितता भ्रष्टाचार, परीक्षा लीक आदि मुद्दों पर प्रमुखता से पर बात की। उन्होंने मंच से मोदी सरकार के तमाम कार्यों पर सवालिया निशान खड़े किए। इतना ही नहीं उन्होंने NSA अजीत डोभाल पर भी निशाना साधा। अब उनके कमेंट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लाल और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की ओर से इस्तेमाल की गई भाषा अत्यंत निंदनीय है।

अजीत डोभाल पर क्या बोले राहुल गांधी

दरअसल, राहुल गांधी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का नाम लेते हुए इशारा किया कि डोभाल 'इनफॉर्मल बातचीत' में यह बात कहते हैं कि अगर हिंदुस्तान को कंट्रोल करना है तो सिर्फ 500 लोगों को नियंत्रित करने की आवश्यकता है। राहुल गांधी ने ये भी आरोप लगाए कि देश के टेलीफोन, वॉट्सएप, फेसबुक और दूसरे कम्युनिकेशन माध्यमों पर डोभाल का नियंत्रण है और फोन टैपिंग कराई जाती है और ये सब मोदी सरकार के इशारे पर हो रहा है।

राहुल के इन आरोपों के बाद भारतीय जनता पार्टी के कई शीर्ष नेताओं ने पलटवार किया है। जेपी नड्डा समेत अन्य नेताओं ने भाषा और एक्टिविटी को लेकर तंज कसा है। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अजीत डोभाल के बारें में इस तरह की बात करना देश और उत्तराखंड के लोगों का अपमान है। धामी ने कहा कि राजनीतिक विरोध में कांग्रेस का स्तर इतना गिर चुका है कि देश की सुरक्षा और सेवा में दशकों समर्पित करने वाले व्यक्तित्वों के प्रति भी सम्मान नहीं बचा। राहुल गांधी की यह सोच उत्तराखंड और यहां की जनता के प्रति उनके नजरिए को भी उजागर करती है। देवभूमि अपने सपूतों का अपमान कभी स्वीकार नहीं करेगी।

‘झूठ की गूंज’ अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और देश का युवा कांग्रेस की इस नकारात्मक राजनीति को लगातार नकार रहा है। राहुल गांधी, याद रखिए, देवभूमि अपने सपूतों का सम्मान करना भी जानती है और उनका अपमान करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना भी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article