IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में टीम इंडिया को भले ही 32 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस मैच में कुलदीप यादव ने एक खास मुकाम हासिल किया। श्रीलंका के खिलाफ इस मैच में उन्होंने 10 ओवर की गेंदबाजी की और 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने जेनिथ लियानागे और डुनिथ वेल्लालगे के विकेट लिए। इस स्पेल की मदद से उन्होंने भारत के दिग्गज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद को पीछे छोड़ दिया। वेंकटेश प्रसाद ने 1994 से 2001 के बीच 194 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 292 विकेट लिए थे। इतना ही नहीं कुलदीप अब क्रिकेट के सभी प्रारूपों में 300 विकेट लेने से सिर्फ सात विकेट दूर हैं।
सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में 14वें गेंदबाज
अब तक 157 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुलदीप ने 22.26 की औसत से 293 विकेट लिए हैं, जिसमें 6/25 का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वह भारत के लिए अब तक के 14वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। कुलदीप अगर 7 विकेट और ले लेते हैं तो वह यह कारनामा करने वाले 13वें भारतीय गेंदबाज और पांचवें भारतीय स्पिनर बन जाएंगे। महान स्पिन जादूगर अनिल कुंबले (953 विकेट) ने सभी प्रारूपों में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लिए हैं।
12 टेस्ट मैचों में कुलदीप ने 21.05 की औसत से 53 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 रहा है। वनडे में 105 मैचों में उन्होंने 25.94 की औसत से 171 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/25 रहा है जबकि 40 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 14.07 की औसत से 69 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/17 रहा है। कुलदीप के पास इस दौरे पर एक मैच बचे हैं जिसमें 7 विकेट लेना संभव नहीं लगता है। ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में वह इस आंकड़े को छू सकते हैं।
(एएनआई इनपुट के साथ)
