KKR vs CSK Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें संस्करण में आज कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स (Kolkata Knight Riders vs Chennai Super Kings) के बीच मैच खेला जाएगा। ये मैच कोलकाता के मैदान पर खेला जाएगा। अब तक कोलकाता की टीम ने आईपीएल 2025 में 11 मुकाबलों में 5 में जीत दर्ज की है और उतने ही मैच गंवाए हैं, हालांकि प्लेऑफ में जाने की उनकी उम्मीदें अब भी बरकरार हैं। वहीं, दूसरी तरफ है चेन्नई सुपर किंग्स जिसने अपने 11 मैचों में सिर्फ 2 मैच जीते हैं और 9 मुकाबले गंवाए हैं। आज का मुकाबला शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। कोलकाता नाइट राइडर्स की अगुवाई अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) करेंगे। जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) हैं।
आईपीएल 2025 के इस 57वें मुकाबले से पहले चेन्नई और कोलकाता की अंक तालिका में स्थिति को देख लेते हैं। मौजूदा अंक तालिका में केकेआर की टीम 11 अंक लेकर छठे पायदान पर है और उसका नेट रन रेट 0.249 है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स 4 अंकों के साथ 10वें नंबर पर है और उनका नेट रन रेट -1.117 है। चेन्नई की टीम आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है और वो यहां सिर्फ कोलकाता का खेल बिगाड़ सकती है। अब तक कोलकाता और चेन्नई के बीच आईपीएल इतिहास में 30 मैच खेले जा चुके हैं जिसमें 19 मुकाबले चेन्नई की टीम ने जीते हैं और 11 मुकाबले कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने नाम किए हैं। वहीं, अगर बात करें कोलकाता के मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों की तो अब तक आईपीएल इतिहास में इन दोनों टीमों के बीच 10 मैच हो चुके हैं जिसमें 6 मैच चेन्नई सुपर किंग्स ने जीते हैं और 4 मुकाबले कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने नाम किए हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मैच की पिच रिपोर्ट (KKR vs CSK Pitch Report)
आज कोलकाता और चेन्नई के बीच होने वाला आईपीएल मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डन्स (Eden Gardens) पर खेला जाएगा। इस प्रतिष्ठित मैदान की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद रही है, लेकिन उतना ही फायदा यहां स्पिनर्स को भी मिलता आया है। चेन्नई के पास जहां नूर अहमद जैसा शानदार स्पिनर है वहीं मेजबान कोलकाता के पास कई बेहतरीन स्पिनर्स मौजूद हैं। अब तक मौजूदा आईपीएल सीजन में कोलकाता के मैदान पर 6 मैच हो चुके हैं और इन सभी मैचों में जमकर रन बने हैं। यहां खेले गए पिछले आईपीएल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 207 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में राजस्थान की टीम ने भी 8 विकेट खोकर 205 रन बना दिए थे लेकिन अंतिम गेंद में चूक के कारण राजस्थान इस रोमांचक मैच को सिर्फ 1 रन से हार गई। अब तक यहां खेले गए छह मैचों में 6 पारियां ऐसी रही है जिसमें स्कोर 200 रन के पार गया है जो बताने के लिए काफी है कि यहां बल्लेबाज कितना हावी रह सकते हैं। यहां इस सीजन में अब तक हुए मुकाबलों में एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा था, जबकि बाकी 5 मैचों में 4 मुकाबलों में उस टीम ने जीत दर्ज की जिसने पहले बल्लेबाजी की है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी।
कोलकाता में खेले गए पिछले 5 आईपीएल मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 IPL Matches Scorecards And Results At Kolkata)
| मुकाबले की तारीख | दोनों टीमें | मैच का स्कोरकार्ड | नतीजा |
| 3 अप्रेल 2025 | कोलकाता-हैदराबाद | कोलकाता- 200/6, हैदराबाद- 120 ऑलआउट (16.4 ओवर) | कोलकाता 80 से जीता |
| 8 अप्रैल 2025 | लखनऊ-कोलकाता | लखनऊ- 238/3, कोलकाता- 234/7 | लखनऊ 4 रन से जीता |
| 21 अप्रैल 2025 | गुजरात-कोलकाता | गुजरात- 198/3, कोलकाता- 159/8 | गुजरात 39 रनों से जीता |
| 26 अप्रैल 2025 | पंजाब-कोलकाता | पंजाब- 201/4, कोलकाता- 7/0 (1 ओवर) | बारिश के चलते रद्द |
| 4 मई 2025 | कोलकाता-राजस्थान | कोलकाता- 206/4, राजस्थान- 205/8 | कोलकाता 1 रन से जीता |
आज कोलकाता-चेन्नई मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी फैंस की नजरें (Players to watch out for in KKR vs CSK IPL Match Today)
आईपीएल में आज ईडेन गार्डन्स में कोलकाता और चेन्नई के बीच होने वाले मैच में कई स्टार खिलाड़ियों पर निगाहें रहेंगी। मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से कप्तान रहाणे के अलावा सुनील नरायन (Sunil Narine), वेंकटेश अय्यर (Venkatesh Iyer), वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy), हर्षित राणा (Harshit Rana), रहमानुल्लाह गुरबाज (Rahmanullah Gurbaz) पर नजरें रहेंगी। जबकि दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से नूर अहमद (Noor Ahmad), रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja), शिवम दुबे (Shivam Dube), मथीषा पथिराना (Matheesha Pathirana) और आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) से उम्मीदें रहेंगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल 2025 टीमें (Kolkata And Chennai IPL 2025 Ful Squads)
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज़, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, लवनिटी सिसौदिया, वेंकटेश अय्यर, अनुकूल रॉय, मोइन अली, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, एनरिक नोर्किया, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, चेतन सकारिया, वैभव अरोड़ा और मयंक मारखंडे।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम: आयुष महात्रे, रचिन रविंद्र, राहुल त्रिपाठी, महेंद्र सिंह धोनी(कप्तान), रविंद्र जडेजा, शिवम दुबे, मथीशा पथिराना, नूर अहमद, रविचंद्रन अश्विन, डेवोन कॉनवे, सैयद खलील अहमद, विजय शंकर, सैम कुरेन, डेवाल्ड ब्रेविस, नाथन एलिस, जेमी ओवरटन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्णन घोष, श्रेयस गोपाल, वंश बेदी, आंद्रे सिद्दार्थ, शेख राशिद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और दीपक हुड्डा।
आज कैसा रहेगा कोलकाता के मौसम का हाल (Kolkata Weather Forecast Today)
पिछले कुछ मैच आईपीएल में बारिश की भेंट चढ़ चुके हैं जिससे अंक तालिका में काफी उठापटक देखने को भी मिली है। ऐसी स्थिति में आज जब कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टक्कर होगी तब सबकी नजरें मौसम पर भी रहेंगी। आज कोलकाता में 30 फीसदी बारिश का अनुमान है और मैच पर इसका बड़ा प्रभाव पड़ सकता है। यहां आज उमस भी काफी रहने वाली है। आज कोलकाता में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।
