वर्ल्ड कप के शुरू होने से ठीक पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। वर्ल्ड कप 2023 का पहला मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना है, लेकिन
घुटने की चोट से उबरे न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे। वह पाकिस्तान के खिलाफ शुक्रवार को पहले अभ्यास मैच में सिर्फ बतौर बल्लेबाज खेलेंगे। हालांकि, दूसरे वॉर्म-अप मुकाबले से वह टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। दूसरा वॉर्म-अप मुकाबला न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच तिरूवनंतपुरम में खेला जाएगा। इस मैच में वह बल्लेबाजी और फील्डिंग दोनों करेंगे। उक्त जानकारी न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के तरफ से दी गई।
आईपीएल के दौरान चोटिल हुए थे केन
विलियमसन को आईपीएल के दौरान लगी चोट के बाद आपरेशन कराना पड़ा था। कोच गैरी स्टीड ने कहा कि प्राथमिकता यही थी कि वह समय पर मैच फिट हो जायें । उनकी गैर मौजूदगी में अभ्यास मैच में टॉम लाथम कप्तान होंगे। सीनियर तेज गेंदबाज टिम साउथी शनिवार को भारत रवाना होंगे। वह अंगूठे में फ्रेक्चर के बाद अब फिट हो गए हैं और पहले मैच में उपलब्ध होंगे ।
