लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच लंदन के ओवल में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी। ओवल में घास वाली हरी पिच मिलने के बावजूद ये फैसला टीम मैनेजमेंट ने बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखकर किया। इस बात की पुष्टि टीम के असिस्टेंट कोच ने पहले दिन के खेल के समाप्त होने के बाद किया।
भारतीय दल से बाहर हुए बुमराह
अब बीसीसीआई ने शुक्रवार को बुमराह के बारे में एक और बड़ा ऐलान कर दिया। ओवल टेस्ट की प्लेइंग-11 से बाहर जसप्रीत बुमराह को बोर्ड ने टीम स्क्वॉड से रिलीज कर दिया है। बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर प्रेस रिलीज करके हुए कहा, तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांचवें टेस्ट मैच (केनिंग्टन ओवल, लंदन) के लिए टीम से रिलीज़ कर दिया गया है। टेस्ट सीरीज का पांचवा और अंतिम मुकाबला केनिंग्टन ओवल, लंदन में खेला जा रहा है।
ऐसा रहा सीरीज में प्रदर्शन
जसप्रीत बुमराह ने सीरीज के शुरुआती चार में से तीन टेस्ट मैच खेले जिसमें उन्होंने 5 पारियों में 26 के औसत से 14 विकेट चटकाए। बुमराह भारत के सबसे सफल और बेन स्टोक्स के बाद सीरीज के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज ओवल टेस्ट से पहले रहे। सीरीज में उन्होंने दो बार पारी में पांच विकेट चटकाए। 74 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
