क्रिकेट

RCB vs SRH: डेब्यू पर चमके जैकब डफी, तोड़ दी विस्फोटक सनराइजर्स हैदराबाद बैटिंग की कमर

RCB vs SRH: हैदराबाद के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू करने वाले कीवी तेज गेंदबाज जैकब डफी ने आरसीबी को जोश हेजलवुज की कमी महसूस होने नहीं दी। डफी ने पावरप्ले के भीतर 3 विकेट लेकर हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

Image

जैकब डफी (साभार-IPL)

RCB vs SRH: आईपीएल 2026 के पहले ही मुकाबले में डेब्यू करने वाले आरसीबी के गेंदबाज जैकब डफी ने अपनी टीम को जोश हेजलवुड की कमी नहीं होने दी। चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। डफी ने अपने कप्तान के इस फैसले को सही साबित किया जब उन्होंने तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर खतरनाक अभिषेक शर्मा को पवेलियन भेजा। अभिषेक 8 गेंद में 7 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इससे पहले कि हैदराबाद की टीम संभल पाती डफी ने इसी ओवर में एक और विकेट लेकर SRH की टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी की कमर ही तोड़ दी। उन्होंने आखिरी गेंद पर ट्रेविस हेड को चलता किया। 5वें ओवर में डफी ने एक और झटका दिया, जिससे हैदराबाद की टीम ऊबर नहीं पाई। डफी ने अपना तीसरा शिकार नीतीश रेड्डी को बनाया।

डेब्यू पर चमके जैकब डफी

डेब्यू पर डफी ने आरसीबी के लिए आईपीएल का दूसरा सबसे बेस्ट स्पेल डाला। उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। डफी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था और उन्होंने पहले ही मैच में अपनी उपयोगिता साबित कर दी।

डेब्यू पर किसके नाम है सबसे ज्यादा विकेट

आईपीएल डेब्यू पर सबसे बेस्ट स्पेल की बात करें तो वेस्टइंडीज के लेफ्ट आर्म पेसर अल्जारी जोसेफ टॉप पर हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2019 में 12 रन देकर 6 विकेट चटकाए। आईपीएल में आरसीबी के लिए यह दूसरा सबसे बेस्ट स्पेल है। आरसीबी की ओऱ से डेब्यू पर डेविड वीजे ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2015 में 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे।

पहले मैच में दो खिलाड़ियों ने किया डेब्यू

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में आरसीबी की ओर से डेब्यू करने वाले जैकब डफी इकलौते खिलाड़ी नहीं थे। डफी के अलावा अभिनंदन सिंह ने आरसीबी के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया। उन्हें आरसीबी ने 30 लाख की बेस प्राइस में खरीदा था। हालांकि, वह महंगे साबित हुए और ईशान किशन ने उनकी गेंदबाजी पर जमकर रन बटोरे। पहले दो ओवर में उन्होंने 25 रन खर्चे।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article