Rishabh Pant Price: लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने रविवार को यहां कहा कि ऋषभ पंत की बल्लेबाजी में आई गिरावट का उनकी भारी-भरकम कीमत से कोई लेना-देना नहीं है और टीम का कप्तान अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में आने से बस एक पारी दूर है। पिछले साल आईपीएल से पहले हुई मेगा नीलामी में पंत को एलएसजी ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन फ्रेंचाइजी में शामिल होने के बाद से भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा है। पंत की कप्तानी में पहले सत्र में एलएसजी सातवें स्थान पर रही। इस दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 14 मैचों में 127.50 के स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था।
अपने 8 में से 6 मैच हार चुकी है LSG
लखनऊ की टीम आठ मैचों में दो जीत के साथ इस साल अंक तालिका में सबसे नीचे है। पंत ने इस दौरान एक अर्धशतक की मदद से 189 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 126.84 रहा है। पिछले दो वर्षों से पंत के संघर्ष के बारे में पूछे जाने पर अरुण ने कहा, ’’मुझे नहीं लगता कि कीमत का इससे कोई लेना-देना है।" उन्होंने कहा, ’’अगर आप उनकी बल्लेबाजी को ध्यान से देखें, खासकर हमारे दूसरे मैच को, तो उन्होंने हमें जीत दिलाई।" इस पूर्व गेंदबाज ने वानखेड़े स्टेडियम में एलएसजी के अभ्यास सत्र से पहले पत्रकारों से कहा, ’’मुझे उनकी फॉर्म की ज्यादा चिंता नहीं है। बस एक पारी की बात है, वह अपनी फॉर्म में वापस आ सकते हैं।"
पॉइंट टेबल में सबसे नीचे है लखनऊ
पूर्व भारतीय गेंदबाजी कोच ने कहा कि आईपीएल के ग्रुप चरण में बचे हुए सभी मैच एलएसजी के लिए नॉकआउट मैच होंगे। उन्होंने कहा, ’’उम्मीद की किरण नजर आ रही है। हमारे पास अब कोई और रास्ता नहीं है। यहां से हर मैच हमारे लिए नॉकआउट है।" उन्होंने आगे कहा, ’’मुझे नहीं लगता कि आंकड़ों का बहुत अधिक विश्लेषण करने से कोई फायदा होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम कैसा प्रदर्शन करते हैं और हम उन चीजों पर कैसे ध्यान केंद्रित करते हैं, जिन पर हमें भरोसा है।" दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस ने पिछली रात चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के बाद रविवार को अभ्यास सत्र निर्धारित नहीं किया था, लेकिन पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच महेला जयवर्धने टीम के घरेलू मैदान पर पहुंचे। चोट से वापसी की कोशिश कर रहे रोहित ने अपने दो सहायक कर्मचारियों के साथ हल्के वार्म-अप से शुरुआत की और बल्ले से अभ्यास करने से पहले कुछ देर दौड़ लगाई।
