क्रिकेट

IPL 2024: लौट आया सूर्या! आरसीबी के गेंदबाजों के छुड़ाए छक्के, जड़ा मुंबई इंडियन्स के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक [VIDEO]

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 12, 2024, 07:00 AM IST

सूर्यकुमार यादव के प्रशंसकों का तीन महीने लंबा इंतजार गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खत्म हो गया जब सूर्या ने बेखौफ अंदाज में चौके छक्के जड़ते हुए मुंबई इंडियन्स के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया।

Image

सूर्यकुमार यादव(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • सूर्यकुमार यादव ने खेली आरसीबी के खिलाफ आतिशी पारी
  • 17 गेंद में जड़ा मुंबई इंडियन्स के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक
  • 19 गेंद में 52 रन बनाकर हुए आउट

Suryakumar Yadav Fifty: तीन महीन लंबे इंतजार के बाद मैदान पर वापसी करने वाले आतिशी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खाता खोलने में नाकाम रहे थे। लेकिन गुरुवार को उन्होंने उस निराशा से उबरते हुए आरसीबी के खिलाफ 17 गेंद में आतिशी अर्धशतक जड़कर मुंबई की धमाकेदार जीत में अहम भूमिका अदा की। सूर्या 19 गेंद में 52 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 4 छक्के जड़े।

101 के स्कोर पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्या

सूर्या को मुंबई की प्रारंभिक प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी। उन्हें आकाश मढवाल की जगह बतौर इम्पैक्ट प्लेयर इस्तेमाल किया गया। जीत के लिए 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 8.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 101 रन बना लिए थे। ऐसे में बल्लेबाजी करने सूर्यकुमार यादव उतरे और अपनी छाप बल्ले के साथ छोड़ने में सफल रहे। सूर्या ने बल्ले से वही धमाल मचाया जिसके लिए वो जाने जाते हैं।

आकाशदीप के स्काई ने छुड़ाए छक्के

सूर्या ने मैदान पर उतरते ही आव देखा ना ताव गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दी। उन्होंने अपने सामने आए किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। सूर्या ने पारी के 11वें ओवर में आकाशदीप को निशाने पर लिया और ओवर में तीन छक्के और एक चौका सहित कुल 24 रन जड़ दिए। 17 गेंद में सूर्या ने पचासा पूरा किया और आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के मामले में दूसरे पायदान पर साझा रूप से पहुंच गए।

जड़ा मुंबई पलटन के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक

मुंबई इंडियन्स के लिए आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड इशान किशन के नाम दर्ज है। इशान ने ये कारनामा महज 16 गेंद में किया है। ये पारी इशान ने साल 2021 में अबुधाबी में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेली थी। इसके अलावा किरोन पोलार्ड( केकेआर और दिल्ली कैपिटल्स), इशान किशन(बनाम केकेआर), हार्दिक पांड्या(बनाम केकेआर) 17-17 गेंदों में मुंबई के लिए आईपीएल में अर्धशतक जड़ चुके हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article