क्रिकेट

गुजरात-दिल्ली मैच आईपीएल मुकाबले के बारे में अहम जानकारियां

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 23, 2024, 02:45 PM IST

आज (17 April 2024) इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला होगा। ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए जानते हैं आज अहमदाबाद का मौसम कैसा रहेगा।

Image

गुजरात टाइटंस-दिल्ली कैपिटल्स पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 में आज का मुकाबला
  • गुजरात टाइटंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स
  • अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच

आईपीएल 2024 में आज सीजन का 32वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में आमने-सामने होंगी गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें। अब तक दोनों टीमों के लिए मौजूदा टूर्नामेंट कुछ खास नहीं रहा है और दोनों ही टीमें फिलहाल शीर्ष चार टीमों से काफी दूर हैं। आज का मुकाबला शाम 7.30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। ये भारतीय क्रिकेट के दो युवा कप्तानों की टक्कर भी होगी। मेजबान टीम गुजरात टाइटंस की कमान शुभमन गिल (Shubman Gill) के हाथों में है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं ऋषभ पंत (Rishabh Pant) जो एक बार फिर पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं।

आज होने वाले गुजरात-दिल्ली आईपीएल मुकाबले से पहले आइए जान लेते हैं कि मौजूदा सीजन में इन दोनों टीमों का अब तक का सफर कैसा रहा है। जहां तक बात है गुजरात टाइटंस की तो उन्होंने अब तक 6 मैच खेले हैं जिसमें 3 जीते हैं और उतने ही हारे भी हैं। वे अंक तालिका (IPL 2024 Points Table) में 6 अंकों के साथ छठे पायदान पर हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अब तक टूर्नामेंट में 6 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने सिर्फ दो मैचों में जीत हासिल की है जबकि चार मैच गंवा दिए हैं। दिल्ली की टीम अंक तालिका में 4 अंकों के साथ नौवें नंबर पर है। अब जानते हैं कि आज जब ये दोनों टीमें टकराएंगी तो कैसी होगी पिच और आज कैसा है अहमदाबाद के मौसम का हाल।

गुजरात टाइटंस-दिल्ली कैपिटल्स

मेजबान गुजरात और मेहमान दिल्ली की टीमों के बीच होने वाला आज का मैच अहमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां की पिच की बात करें तो कई अन्य आईपीएल विकेटों की तरह यहां भी बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिलेगा। इस सीजन में यहां का औसत स्कोर 160 रन के पार रहा है। शुरुआत के मैचों में यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने खूब रन बनाए लेकिन पिछले दो मुकाबलों से कुछ बदलाव भी देखने को मिला है जहां लक्ष्य का पीछा करते हुए टीमों ने जीत दर्ज की है। ऐसे में पिच के इस बदले हुए अंदाज को भांपते हुए टॉस जीतने वाली टीम बाद में बल्लेबाजी करने का निर्णय ले सकती है। यहां खेले गए पिछले मुकाबले में तो पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस द्वारा दिए गए 200 रनों के लक्ष्य को भी हासिल कर लिया था। बॉलिंग विभाग में यहां पर अब तक खेले गए तीन मैचों में तेज गेंदबाजों के साथ-साथ बीच के ओवरों में स्पिनर्स का भी दम देखने को मिला है, लेकिन इन तीनों ही मुकाबलों में अब तक गेंदबाज किसी भी टीम को ऑलआउट करने में सफल नहीं हुए हैं।

आज कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम?

गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाने वाला आज का मुकाबला अहमदाबाद में होगा तो यहां के मौसम की चर्चा भी कर लेते हैं। आज अहमदाबाद में मौसम काफी गर्म रहने वाला है। दिन में धूप के साथ-साथ बादलों की आवाजाही और धुंध भी रहेगी। बारिश के यहां कोई आसार नहीं है। उमस भी ज्यादा नहीं होगी, लेकिन दिन का तापमान इतना होगा कि शाम को जब मैच शुरू होगा तब भी उसकी तपिश का खिलाड़ियों को अहसास जरूर होगा। आज अहमदाबाद का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है।

गुजरात और दिल्ली की टीमें

दिल्ली कैपिटल्स टीम: ऋषभ पंत (कप्तान), डेविड वॉर्नर, पृथ्वी साव, स्वस्तिक चिकारा, यश ढुल, एनरिच नॉर्किया, ईशांत शर्मा, झाय रिचर्डसन, खलील अहमद, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, प्रवीण दुबे, रसिक डार, सुमित कुमार, अभिषेक पोरेल, कुमार कुशाग्र, रिकी भुई, शाइ होप, ट्रिस्टन स्टब्स, विकी ओस्तवाल, अक्षर पटेल, जैक फ्रेजर गुर्क, ललित यादव और मिचेल मार्श।

गुजरात टाइटंस टीम: शुभमन गिल (कप्तान), डेविड मिलर, मैथ्यू वेड, रिद्धिमान साहा, रॉबिन मिंज, केन विलियमसन, अभिनव मंधार, बी साई सुदर्शन, दर्शन नालकंडे, विजय शंकर, अजमतुल्लाह उमरजई, शाहरुख खान, उमेश यादव, राशिद खान, जोशुआ लिटिल, मोहित शर्मा, मानव सुथार, जयंत यादव, राहुल तेवतिया, कार्तिक त्यागी, शशांत मिश्रा, स्पेंसर जॉनसन, नूर अहमद और साई किशोर।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article