क्रिकेट

'KKR ने ट्रॉफी जीतने के बाद नहीं समझी श्रेयस अय्यर की अहमियत' कुंबले ने KKR की टीम सेलेक्शन पर उठाए बड़े सवाल

IPL 2026: अय्यर केकेआर छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हो गए। जिसकी कप्तानी करते हुए उन्होंने पिछले सत्र में करीब एक दशक बाद टीम को पहली बार आईपीएल फाइनल में पहुंचाया। भारत के पूर्व कप्तान ने पिछले साल पंजाब किंग्स को आईपीएल फाइनल तक पहुंचाने के लिए अय्यर के नेतृत्व क्षमता की जमकर तारीफ की।

Image

अनिल कुंबले ने केकेआर की टीम सेलेक्शन पर उठाए सवाल (फोटो साभार- X)

IPL 2026: भारत के महान क्रिकेटर और पूर्व भारतीय कोच अनिल कुंबले ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के टीम सेलेक्शन को लेकर बड़े सवाल उठाए हैं। पूर्व भारतीय लेग स्पिनर का कहना है कि 2024 में IPL का खिताब जीतने के बाद केकेआर ने श्रेयस अय्यर और फिल सॉल्ट को जाने देकर गलत फैसला किया था। उन्होंने कहा कि जब तक तीन बार की IPL चैंपियन टीम अहम खिलाड़ियों को अपने पास बनाए रखने की अहमियत नहीं समझेगी तब तक उसे खिताब का गंभीर दावेदार नहीं माना जा सकता। इसके बाद अय्यर केकेआर छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हो गए। जिसकी कप्तानी करते हुए उन्होंने पिछले सत्र में करीब एक दशक बाद टीम को पहली बार आईपीएल फाइनल में पहुंचाया। भारत के पूर्व कप्तान ने पिछले साल पंजाब किंग्स को आईपीएल फाइनल तक पहुंचाने के लिए अय्यर के नेतृत्व क्षमता की जमकर तारीफ की।

फिल सॉल्ट के जाने को लेकर भी उठाए सवाल

कुंबले ने इसके आगे कहा कि 2024 में केकेआर की सफलता का अहम हिस्सा रहे फिल सॉल्ट भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) चले गए जहां उन्होंने पिछले साल फ्रेंचाइजी को पहली बार खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। 'जियो हॉटस्टार' की एक विज्ञप्ति में कुंबले ने कहा, 'दो साल पहले केकेआर ने आईपीएल जीता था और अपनी तीसरी ट्रॉफी उठाई थी। उस जीत के दो अहम खिलाड़ी श्रेयस अय्यर और फिल सॉल्ट थे। दोनों ने टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई लेकिन केकेआर ने दोनों को जाने दिया।' उन्होंने कहा, 'खिलाड़ियों को अपने साथ रखने के मामले में उनमें कोई निरंतरता नहीं है। केकेआर ने श्रेयस अय्यर और फिल सॉल्ट को जाने देकर गलत फैसला किया और इस वजह से अब उनके पास आईपीएल जीतने वाला कोई कप्तान नहीं है।'

'KKR के पास नहीं है अनुभवी कप्तान'

कुंबले का कहना है कि भले ही केकेआर के पास कप्तान के तौर पर अजिंक्य रहाणे जैसा अनुभवी खिलाड़ी है लेकिन उन्होंने अभी तक कप्तान के तौर पर आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। उन्होंने कहा, 'अजिंक्य रहाणे एक अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मुंबई और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की है। लेकिन उन्होंने अभी तक कप्तान के तौर पर आईपीएल का खिताब नहीं जीता है।' इस दिग्गज स्पिनर ने आगे कहा, 'ऐसा कप्तान होना जिसने ट्रॉफी जीती हो, आपको फायदा देता है। उन्हें यह सीखना होगा कि अपने अहम खिलाड़ियों को अपने पास कैसे बनाए रखा जाए। वर्ना वे संघर्ष करते रहेंगे और उन्हें ट्रॉफी जीतने का दावेदार नहीं माना जा सकता।' उन्होंने कहा, 'श्रेयस अय्यर निश्चित रूप से कप्तान के तौर पर कम आंके गए हैं। एक फ्रेंचाइजी के साथ ट्रॉफी जीतना और फिर दूसरी फ्रेंचाइजी में जाना आसान नहीं होता। वहां का प्रबंधन, माहौल और टीम सब अलग होते हैं। वहां का दबाव भी अलग होता है।'

श्रेयस ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाया

पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा कहा, 'जिस नई फ्रेंचाइजी में वह शामिल हुआ था, उसने पिछले 10 साल में फाइनल नहीं खेला था और पंजाब किंग्स के साथ अपने पहले ही सत्र में उसने उन्हें फाइनल तक पहुंचा दिया। मैं न सिर्फ उसकी कप्तानी से प्रभावित हुआ, बल्कि जिस तरह से उसने टीम का नेतृत्व किया, उससे भी प्रभावित हुआ। कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जिन्हें हर बार खुद को साबित करना पड़ता है। श्रेयस भी वैसा ही है। अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी, उस पर सवाल उठते रहते हैं। मुझे लगता है कि उसे कम आंका जाता है, लेकिन वह एक असाधारण नेतृत्वकर्ता है।'

इनपुट- भाषा

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article