क्रिकेट

IPL इतिहास में 'सात हजारी' बने Virat Kohli, पर RCB को जिता न पाया पचासा; DC से हार के बाद यूं नजर आए मायूस

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated May 6, 2023, 11:53 PM IST

IPL 2023, DC vs RCB: दिल्ली ने इस जीत के साथ आरसीबी के खिलाफ लगातार चार हार के क्रम को भी तोड़ दिया। टीम इसी के साथ टूर्नामेंट के प्वॉइंट टेबल में 10 मैच में आठ अंक के साथ नौवें स्थान पर पहुंची, जबकि आरसीबी की टीम 10 मैच में 10 अंक के साथ पांचवें स्थान पर थी।

Image

दिल्ली कैपिटल्स से हार के बाद कोहली सिर पर टोपी लगाकर यूं मायूस (बीच वाले फोटो में) नजर आए।

Photo : IANS

IPL 2023, DC vs RCB: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में 7000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह कारनामा उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी के अरुण जेटली मैदान (पहले फिरोज शाह कोटला) मैदान में कर दिखाया। हालांकि, इस मैच में उनका पचासा टीम को जीत न दिला सका और मैच के बाद वह कुछ क्षणों के लिए थोड़ा मायूस नजर आए। रोचक बात है कि इस मुकाबले को देखने के लिए न सिर्फ मैदान में उनकी बॉलीवुड एक्ट्रेस पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका मौजूद थीं बल्कि विराट के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा भी पहुंचे थे।

'किंग कोहली' ने 55 रन की खेली पारी, यह था 'छठा अर्धशतक'34 बरस के कोहली ने इस मैच में 46 बॉल पर 55 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके जड़े थे। वह इस दौरान 119.57 के स्ट्राइक रेट से खेले। मुकेश कुमार की बॉल पर उन्होंने अपना कैच खलील अहमद को गंवाया और वह इसके बाद पवेलियन लौट गए। यह किंग कोहली का कोटला मैदान में सत्र का उनका छठा अर्धशतक था। वह इसी के साथ आईपीएल में सात हजारी भी बने।

Virat Kohli Shot

Virat Kohli Shot

'सात हजारी' बनने के बाद कहाः मैं विनम्रता के साथ...

दिल्ली के इसी मैदान से क्रिकेट की अपनी यात्रा का आगाज करने वाले क्रिकेटर ने आईपीएल प्रसारकों को बताया, ‘‘मैं अपनी टीम के लिए जो करने की कोशिश कर रहा हूं उस यात्रा के दौरान 7000 रन सिर्फ एक और उपलब्धि है। जब आप अपनी टीम के लिए कुछ करने की कोशिश करते हैं तो यह एक अच्छा नंबर होता है। मैं विनम्रता के साथ कड़ी मेहनत जारी रखना चाहता हूं।’’ उन्होंने साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत के बाद अपने 233वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि इस मैच से पहले उनके नाम 6,988 रन थे।
Virat Kohli Wife Anushka Sharma

Virat Kohli Wife Anushka Sharma

"मैंने इन उपलब्धियों के बारे में कभी नहीं सोचा था"

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान के मुताबिक, ‘‘यह एक विशेष क्षण है...मेरा परिवार यहां है, मेरे कोच यहां हैं, क्रिकेट मेरे जीवन का एक हिस्सा है। मैं यहां अपने नाम पर एक पवेलियन पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैंने यहां अपनी यात्रा शुरू की और यहीं से दिल्ली के लिए खेलना शुरू किया। मैंने इन उपलब्धियों के बारे में कभी नहीं सोचा था। मै इन सबके लिए आभार जताना चाहूंगा।’’
Virat Kohli Daughter Vamika

Virat Kohli Daughter Vamika

DC vs RCB मैच में क्या हुआ? समझें- सरसरी तौर पर

दरअसल, दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट के तूफानी अर्धशतक (45 गेंद में छह छक्कों और आठ चौकों से 87 रन की पारी) से डीसी ने आईपीएल के इस एकतरफा मुकाबले में आरसीबी को सात विकेट से हराकर प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार रखीं। आरसीबी के 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 20 गेंद बाकी रहते तीन विकेट पर 187 रन बनाकर जीत दर्ज की। दिल्ली ने इस जीत के साथ आरसीबी के खिलाफ लगातार चार हार के क्रम को भी तोड़ दिया। टीम इसी के साथ टूर्नामेंट के प्वॉइंट टेबल में 10 मैच में आठ अंक के साथ नौवें स्थान पर पहुंची, जबकि आरसीबी की टीम 10 मैच में 10 अंक के साथ पांचवें स्थान पर थी। (भाषा-पीटीआई इनपुट्स के साथ)
अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article