शहर

Lucknow: CJP प्रदर्शन के चलते लखनऊ से आज नहीं चलेंगी ये ट्रेनें, सफर के लिए रोडवेज के भरोसे लोग

Lucknow News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के चलते लखनऊ-दिल्ली रेल यातायात प्रभावित हुआ है। लखनऊ मेल, तेजस और एसी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द।

Image

Lucknow: CJP प्रदर्शन के चलते लखनऊ से आज नहीं चलेंगी ये ट्रेनें, सफर के लिए रोडवेज के भरोसे लोग

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लखनऊ और दिल्ली के बीच रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। परिचालन संबंधी कारणों तथा दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी भीड़ व यातायात की संभावित स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इस अचानक हुए निर्णय से हजारों रेल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन ट्रेनों पर पड़ा असर

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के एहतियाती कदमों के तहत पिछले दो दिनों में कई वीआईपी और प्रीमियम ट्रेनों के पहिए थम गए हैं। शुक्रवार को लखनऊ मेल (12229), एसी एक्सप्रेस (12429), तेजस एक्सप्रेस (82501), बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12559 और 12581) कैंसिल रहीं। इन ट्रेनों के रद्द होने से लगभग 7,000 यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है।

आज ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

आज, शनिवार को नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस (12560, 12582), कासगंज-नई दिल्ली एक्सप्रेस (15303), लखनऊ जंक्शन-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस (82501, 82502) रद्द रहेंगी। इनके अलावा, लखनऊ से दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस आगामी 11 अक्टूबर को भी रद्द रहेगी। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले आधिकारिक एनटीईएस (NTES) ऐप या रेलवे हेल्पलाइन के जरिए अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस अवश्य जांच लें।

ट्रेनों के रद्द होने पर रोडवेज बसों का विकल्प

ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को असुविधा हो रही है, ऐसे में निजी वाहनों के विकल्प के अलावा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) का भी विकल्प बचा है। दिल्ली रूट पर चलने वाली रोडवेज बसों के संचालन में कोई बदलाव नहीं किया गया है और सभी बसें अपने तय समय पर चल रही हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए नोएडा और गाजियाबाद समेत प्रमुख अड्डों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बताया कि लखनऊ के आलमबाग बस टर्मिनल सहित अन्य बस अड्डों पर स्थिति सामान्य है और दिल्ली रूट पर हर घंटे बसें संचालित हो रही हैं। यदि यात्रियों की भीड़ बढ़ती है, तो तुरंत अतिरिक्त बसें जोड़ी जाएंगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article