देश

CJP Protest: छत्रसाल स्टेडियम बना अस्थाई डिटेंशन सेंटर, छावनी में तब्दील हुई पूरी दिल्ली

CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के ऐलान के बाद नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली का मशहूर छत्रसाल स्टेडियम भी डिटेंशन सेंटर बना दिया गया है। पूरे स्टेडियम परिसर को छावनी में बदल दिया गया है।

Image

छत्रसाल स्टेडियम बना डिटेंशन सेंटर

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने राजधानी को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर डाल दिया है। कई स्टेडियमों को अस्थायी डिटेंशन सेंटर में तब्दील कर दिया गया है। इसी कड़ी में नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली का मशहूर छत्रसाल स्टेडियम भी डिटेंशन सेंटर बना दिया गया है। शनिवार सुबह से ही छत्रसाल स्टेडियम के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। दिल्ली पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल और बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। पूरे स्टेडियम परिसर को छावनी में बदल दिया गया है।

छत्रसाल स्टेडियम में बना अस्थाई डिटेंशन सेंटर

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली और जंतर-मंतर की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस अलग-अलग जगहों से डिटेन कर रही है। डिटेन किए गए लोगों को बसों और पुलिस वैन में भरकर छत्रसाल स्टेडियम लाया जा रहा है। सुबह करीब 9 बजे के आसपास दो गाड़ियों में भरकर प्रदर्शनकारियों का पहला जत्था यहां लाया गया। सूत्रों के अनुसार उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया है। इसके बाद से लगातार पुलिस की गाड़ियां डिटेन किए गए लोगों को यहां पहुंचा रही हैं।

CJP ने किया है प्रदर्शन का ऐलान

पुलिस ने स्टेडियम के सभी गेट बंद कर दिए हैं और अंदर-बाहर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण बल और वाटर कैनन जैसी व्यवस्था भी स्टैंडबाय पर रखी गई है। दरअसल, CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिसमें ‘वोट चोरी’ के आरोपों को मुद्दा बनाया गया है। इसी को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशन बंद किए गए हैं और पूरे दिल्ली-एनसीआर में धारा 163 लागू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि बिना इजाजत किसी भी तरह के जमावड़े की अनुमति नहीं है, इसलिए एहतियातन लोगों को डिटेन कर स्टेडियमों में ले जाया जा रहा है।

छत्रसाल स्टेडियम से मो. आसिफ की रिपोर्ट

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article