Delhi School Closed, Online Classes News: जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा चिंताओं और मेट्रो सेवाओं में रुकावट के कारण दिल्ली के कई स्कूलों और कॉलेजों ने क्लासेस ऑनलाइन कर दी हैं, पैरेंट-टीचर मीटिंग का समय बदल दिया है और 10 अक्टूबर को होने वाली परीक्षाओं को टाल दिया है। इसके अलावा पितृ विसर्जन के चलते उत्तर प्रदेश के कई स्कूलों में आज अवकाश की घोषणा की गई है।
बता दें सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को सूचित किया है कि नई दिल्ली इलाके में बड़े पैमाने पर बैरिकेडिंग और छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंताओं के कारण शनिवार को कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों की क्लास ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा स्कूल ने शुक्रवार को छात्रों के लिए 'स्टे-बैक' सुविधा (स्कूल के बाद रुकने की सुविधा) भी बंद कर दी है। शनिवार को होने वाले 'एक्टिविटी वीक' के उद्घाटन को भी टाल दिया गया है और इसकी नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
स्कूलों में बदला पीटीएम का समय
इसके अलावा रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल ने शनिवार को होने वाली पैरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) का समय बदल दिया है। इस मीटिंग में छात्रों के रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा होनी थी। नया शेड्यूल बाद में माता-पिता के साथ शेयर किया जाएगा। वहीं कस्तूरबा गांधी मार्ग पर स्थित भारतीय विद्या भवन के मेहता विद्यालय ने शनिवार को होने वाली स्पोर्ट्स डे की प्रैक्टिस और 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए एनरिचमेंट क्लास को रद्द कर दिया है।
यूपी के कई जिलों के स्कूलों में आज छुट्टी
वहीं यूपी के कई स्कूलों में पितृ विसर्जन के चलते आज यानी 10 अक्टूबर 2026 को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, विभाग के नियंत्रण में संचालित कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शनिवार को पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा। अधिक जानकारी के लिए एक बार अपने स्कूल के प्रधानाचार्य या शिक्षकों से संपर्क करें।
