IPL 2026, Vaibhav Sooryavanshi: अंडर-19 विश्वकप फाइनल में 175 रन की तूफानी पारी खेलकर इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर सीनियर टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने बड़ा खुलासा किया है। जितेश शर्मा का कहना है कि वैभव सूर्यवंशी सीनियर खिलाड़ियों की बात कभी नहीं सुनते हैं। उनका कहना है कि वैभव सूर्यवंशी अनप्रोफेशनल खिलाड़ी की तरह बर्ताव करते हैं। भारतीय विकेटकीपर का कहना है कि वैभव छठे गियर में बल्लेबाजी करते हैं और उनके पास बेहतरीन स्किल्स हैं, लेकिन वैभव मैदान के बाहर अभी प्रोफेशनल नहीं हैं।
जितेश शर्मा ने कर दिया बड़ा खुलासा
जितेश शर्मा ने इसके आगे बताया कि मना करने के बाद भी वैभव उनकी बात अनसुना करते हैं और रात में आइसक्रीम खाने चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि मैदान के अंदर भले ही वैभव प्रोफेशनल हों, लेकिन शायद ही कभी मैदान के बाहर प्रोफेशनल बन पाएंगे। जितेश शर्मा ने ये सारी बातें साउथ अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स से यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहीं। जितेश शर्मा ने कहा कि अगर किसी एक युवा पर मिलियन डॉलर खर्च करना हुआ तो वह वैभव सूर्यवंशी ही होंगे। उन्हें लगता है वैभव वर्ल्ड क्रिकेट में दबदबा बना सकते हैं। उनके पास छठा गियर है और उनकी स्किल्स बहुत अच्छी है। जितेश शर्मा ने कहा, 'हर कोई उन्हें प्रोफेशनल बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह कभी प्रोफेशनल बनेंगे। हो सकता है कि वह मैदान पर प्रोफेशनल बन जाएं, लेकिन मैदान के बाहर नहीं बन सकते। मैं उन्हें रात में आइसक्रीम न खाने के लिए कहता हूं लेकिन वह मेरी कभी भी नहीं सुनते।'
वैभव को लेकर क्या बोले डिविलियर्स
वहीं RCB के पूर्व खिलाड़ी डिविलियर्स ने वैभव पर बात करते हुए कहा कि वह एक शानदार खिलाड़ी हैं। उन्होंने वैभव को अंडर-19 में बल्लेबाजी करते हुए देखा है। डिविलियर्स ने कहा, 'जब आपको IPL और बड़ी क्रिकेट का स्वाद मिलता है और आप फिर भी उसी स्तर का प्रदर्शन करते हैं, तो यह आसान नहीं होता। उन्होंने जिस तरह से अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेला, उससे मैं बहुत प्रभावित हुआ। मैं उनके खेलने के तरीके की बात कर रहा हूं। उन्होंने अपने गेम प्लान पर कायम रहते हुए खेला। जैसे उन्होने आईपीएल में खेला, वैसे ही वहां भी खेला। उन्होंन वहां कुछ अलग बनने की कोशिश नहीं की और गेंदबाजों के खिलाफ कभी घमंड नहीं दिखाया।'
