क्रिकेट

India vs Australia 2nd ODI: जानिए भारत-ऑस्ट्रेलिया दूसरे वनडे की पिच रिपोर्ट, मौसम का हाल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 20, 2023, 10:49 AM IST

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज विशाखापट्टनम के वाईएसआर रेड्डी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जानिए कैसा है वहां की पिच का मिजाज और मौसम का हाल।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पिच और मौसम

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को विशाखापट्टनम के डॉ वाईएसआर रेड्डी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई के वानखड़े स्टेडियम में खेले गए लो स्कोरिंग मैच में टीम इंडिया किसी तरह जीत दर्ज करने में सफल हुई और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

ऐसे में सीरीज के दूसरे मुकाबले में रोहित शर्मा की कप्तानी में बारिश की आशंका के बीच टीम इंडिया कंगारुओं के खिलाफ जीत दर्ज करके सीरीज अपने नाम करने उतरेगी। ऐसे में आईए जानते हैं रविवार को विशाखापट्टनम में कैसा रहेगा पिच का मिजाज और मौसम का हाल?

विशाखापट्टनम की कैसी होगी पिच? (YSR Reddy Cricket Stadium Visakhapatnam Pitch conditions for IND vs AUS 2nd ODI)

विशाखापट्टनम के वाईएसआर रेड्डी स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजी के लिए मुफीद माना जाता है। विशाखापट्टनम का मैदान हाई स्कोरिंग रहा है। हालांकि इस पिच पर स्पिनर्स को भी मदद मिलती रही है।यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 295 है। इस मैच से पहले यहां खेले गए 9 एकदिवसीय मुकाबलों में से 6 में 250 से ज्यादा का स्कोर खड़ा हुआ।पिछली बार भारतीय टीम इस मैदान पर दिसंबर 2019 में खेली थी तब वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 विकेट पर 387 रन का स्कोर खड़ा किया था। उस मैच में रोहित शर्मा और केएल राहुल ने शतक जड़ा था।

आज विशाखापट्टनम का कैसा होगा मौसम? (Visakhapatnam Weather Today, IND vs AUS 2nd ODI)

उत्तर भारत में हो रही बेमौसम बारिश के बीच दक्षिण भारत में भी बारिश के बादल मंडरा रहे हैं। मौसम विभाग ने रविवार को विशाखापट्टनम में बारिश की संभावना जताई है। शनिवार शाम से ही बादलों ने शहर को अपने आगोश में ले लिया है। इस बात की पूरी संभावना है कि बारिश मैच में बाधा डाले और ओवरों में कटौती हो। रविवार को विशाखापट्टनम में बारिश होने की संभावना 31 से 51 प्रतिशत तक है।

मैच के दौरान अधिकांश समय आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश के दौरान बादल गरजेंगे और बिजली भी चमकेगी साथ ही 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। ऐसे में 20-20 ओवर का मैच भी खेला जा सका तो ये तीन साल से अंतरराष्ट्रीय मैच की बाट जोह रहे स्थानीय प्रशंसकों के लिए बड़ी बात होगी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article