क्रिकेट

वेस्टइंडीज सीरीज के लिए जल्द टीम इंडिया का ऐलान, हार्दिक-पंत के नाम पर माथापच्ची

India ODI Squad: बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया जा सकता है। इस टीम में कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है क्योंकि एशियन गेम्स में अय्यर के नेतृत्व में कुछ खिलाड़ी खेल रहे होंगे। इसके अलावा हार्दिक और पंत को मौका मिल सकता है।

Image

हार्दिक पांड्या (साभार-X)

India ODI Squad: भारतीय राष्ट्रीय चयन समिति बुधवार को यहां जब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम का चयन करेगी तो ऋषभ पंत और फिट होकर लौटे हार्दिक पांड्या को शामिल किए जाने की संभावना पर मुख्य रूप से चर्चा होगी। भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलेगा। टी20 मैचों की शुरुआत छह अक्टूबर से होगी और पूरी संभावना है कि इसके लिए वही टीम चुनी जाएगी जो एशियाई खेलों में भाग लेगी। लेकिन अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति को 50 ओवर फॉर्मेट के लिए टीम का चयन करते समय माथापच्ची करनी पड़ सकती है। अगरकर बैठक के लिए दिल्ली में होंगे और संभावना है कि वह बोर्ड के अधिकारियों से इस पर भी चर्चा करेंगे कि क्या उनका अनुबंध 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक बढ़ाया जाएगा।

पांड्या की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी 20 सितंबर को निर्धारित है क्योंकि उन्हें पहले ही छह अक्टूबर से पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए की तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए चुना जा चुका है। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैचों की शुरुआत 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में होगी और यह चयन समिति को तय करना होगा कि क्या पंड्या वनडे में 10 ओवर गेंदबाजी करने और 50 ओवर तक फील्डिंग करने के लिए तैयार हैं या नहीं।

अगर पांड्या उपलब्ध नहीं होते हैं तो चयन समिति के लिए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों की कमी समस्या बन जाएगी। दूसरा विकल्प नीतीश कुमार रेड्डी वनडे सीरीज के दौरान एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए जापान में होंगे। तीसरे और चौथे विकल्प सूर्यांश शेडगे और वेंकटेश अय्यर फिलहाल चोटिल हैं।

ऋषभ पंत की लग सकती है लॉटरी

आईपीएल में पंत के खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें टेस्ट उप-कप्तानी गंवानी पड़ी और उन्हें वनडे टीम में भी जगह नहीं मिली। लेकिन ईशान किशन के जापान में होने के कारण बाएं हाथ के इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज को 15 सदस्यीय टीम में मौका मिल सकता है। उनका चयन होने पर भी केएल राहुल वनडे विकेटकीपर के तौर पर पहली पसंद रहेंगे। श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में राहुल को वनडे टीम का उप कप्तान भी नियुक्त किया जा सकता है। अगर पंत को मौका नहीं मिलता है तो चयनकर्ता ध्रुव जुरेल को चुन सकते हैं। ऐसे में पंत को ईरानी कप में शेष भारत की कप्तानी करने को कहा जा सकता है।

नंबर 4 पर गायकवाड़ को मौका

अय्यर के एशियाई खेलों में शामिल होने के कारण कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद रुतुराज गायकवाड़ को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिल सकता है। यशस्वी जायसवाल रिजर्व ओपनर होंगे, जबकि मध्य क्रम के रिजर्व बल्लेबाज रजत पाटीदार होंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद गायकवाड़ और पाटीदार दोनों का ही भारत ए की तरफ से खेलने की संभावना है। गायकवाड को इसके लिए कप्तान बनाया जा सकता है।

इंग्लैंड में वनडे सीरीज के लिए नहीं चुने गए रविंद्र जडेजा को वापस टीम में बुलाया जा सकता है क्योंकि हर्ष दुबे हाल ही में दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल मैच के दौरान चोटिल हो गए थे।

दुबे और अक्षर पटेल को वनडे के लिए बाएं हाथ के स्पिनरों के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में चयनकर्ता जडेजा को टीम में शामिल कर सकते हैं। मानव सुथार के नाम पर भी विचार किया जा सकता है। अक्षर एशियाई खेलों में खेलेंगे। अगर चोटिल वरुण चक्रवर्ती एशियाई खेलों में नहीं खेल पाते हैं और कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया जाता है, तो चयनकर्ताओं के सामने एक बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी।

फिर उन्हें कलाई के स्पिनर की जरूरत पड़ने पर विप्रज निगम या जीशान अंसारी जैसे गेंदबाजों का सहारा लेना पड़ेगा। मोहम्मद सिराज इंग्लैंड दौरे के लिए वनडे टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन उनकी वापसी होने की संभावना है। तेज गेंदबाजी विभाग में गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव पिछली सीरीज का हिस्सा थे। जसप्रीत बुमराह एशियाई खेलों में व्यस्त होने के कारण उपलब्ध नहीं होंगे। फिलहाल मोहम्मद शमी और युजवेंद्र चहल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में मौका मिलने की संभावना बहुत कम है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article