बिजनेस

शेयर बाजार ही नहीं, रुपया भी धड़ाम! 1 डॉलर फिर 96 रुपये के करीब, जानें ताजा रेट

कच्चे तेल की कीमत में तेजी और अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से रुपये पर दबाब बढ़ा है।

Image

टूटा रुपया

आज भारतीय शेयर बाजार से लेकर रुपये में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 38 पैसे लुढ़ककर 95.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष और ब्रेंट कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 108 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि तेल आयातकों की ओर से डॉलर की बढ़ती मांग ने भारत के बाहरी संतुलन और मुद्रास्फीति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

इसके अलावा घरेलू बाजारों में कमजोरी, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और वैश्विक बॉण्ड पर प्रतिफल बढ़ने की वजह से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

कमजोर खुला था भारतीय रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 95.84 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद इसमें गिरावट आई और 95.92 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले बंद भाव से 38 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.54 पर बंद हुआ था। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को विदेशी मुद्रा और शेयर बाजार बंद थे।

रुपये में और गिरावट की आशंका

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अनुमान है कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की धारणा और वैश्विक बॉण्ड पर प्रतिफल बढ़ने की चिंता के बीच रुपये पर दबाव बना रहेगा। आपूर्ति में बाधा की आशंका के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और डॉलर में मजबूती से भी रुपये पर दबाव पड़ सकता है।

चौधरी ने कहा कि निवेशक बुधवार को होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के फैसले से पहले सतर्क रह सकते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.75 से 96.15 के दायरे में रह सकता है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत बढ़कर 99.61 पर था।

कच्चे तेल में जबरस्त तेजी

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.92 प्रतिशत चढ़कर 107.71 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच यह तेजी आई। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 777.94 अंक गिरकर 74,003.82 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 279.50 अंक टूटकर 23,118.60 पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 930.90 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे।

इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 44.90 अरब डॉलर बढ़कर 785.70 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 11.47 अरब डॉलर बढ़कर 740.80 अरब डॉलर पर था।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article