क्रिकेट

IND vs ZIM Highlights: गिल और गायकवाड़ की पारी के दम पर भारत ने जिम्बाब्वे को 23 रन से हराया, सीरीज में ली 2-1 की बढ़त

IND vs ZIM Highlights: भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरा टी20 मुकाबला 23 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 5 मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। यह टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत है।

Image

भारत बनाम जिम्बाब्वे (साभार-X)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने जिम्बाब्वे को 23 रन से हराया
  • शुभमन गिल ने खेली 66 रन की पारी
  • 5 मैच की सीरीज में टीम इंडिया ने ली 2-1 की बढ़त

IND vs ZIM Highlights: भारत ने तीसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 23 रन से हराकर 5 मैच की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 183 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन जिम्बाब्वे की टीम डियॉन मायर्स के अर्धशतकीय पारी के बावजूद 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना सकी। मायर्स के अलावा क्लाइव मडेंडे ने 26 गेंद में 37 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों ने 57 गेंद में 77 रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा जिम्बाब्वे का कोई भी बल्लेबाज, भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाया। मायर्स ने 49 गेंद में नाबाद 65 रन की पारी खेली। भारत की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने 3 और आवेश खान ने 2 विकेट चटकाए।

इससे पहले कप्तान शुभमन गिल के अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने जिंबाब्वे के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 182 रन बनाए।

सलामी बल्लेबाज गिल ने 49 गेंद में सात चौकों और तीन छक्कों से 66 रन की पारी खेलने के अलावा यशस्वी जायसवाल (36) के साथ पहले विकेट के लिए 67 जबकि रुतुराज गायकवाड़ (49) के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी करके टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

जिंबाब्वे की ओर से कप्तान सिकंदर रजा ने 24 जबकि ब्लेसिंग मुजरबानी ने 25 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और जायसवाल के साथ पावर प्ले में बिना विकेट खोए 55 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। जायसवाल ने ऑफ स्पिनर ब्रायन बेनेट के पहले ही ओवर में दो चौके और एक छक्का मारा जबकि गिल ने अगले ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा पर दो चौके और एक छक्का जड़ा।

जायसवाल ने तेज गेंदबाज तेंडई चतारा की लगातार गेंदों पर भी चौका और छक्का मारा। जायसवाल को 29 रन के निजी स्कोर पर चतारा की गेंद पर स्वीपर कवर पर ताडिवनाशे मरुमानी ने जीवनदान दिया। वह हालांकि इसका फायदा नहीं उठा पाए और अगले ओवर में रजा की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर बेनेट को कैच दे बैठे। उन्होंने 27 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और दो छक्के मारे।

पिछले मैच में शतक जड़ने वाले अभिषेक शर्मा भी सिर्फ 10 रन बनाने के बाद रजा की गेंद पर मरुमानी को कैच दे बैठे। गिल और गायकवाड़ ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने 13वें ओवर में वेस्ली माधेवेरे पर छक्के मारे। इसी ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा हुआ। गिल ने चतारा पर चौके के साथ 36 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

गिल और गायकवाड़ ने 17वें ओवर में रजा पर भी छक्के जड़े। गिल हालांकि इसके बाद मुजरबानी की उछाल लेती गेंद को हवा में लहराकर रजा को कैच दे बैठे जबकि गायकवाड़ भी इस तेज गेंदबाज के अंतिम ओवर में माधेवेरे को कैच देकर अर्धशतक से एक रन से चूक गए। गायकवाड़ ने 28 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के मारे। सीरीज का चौथा मुकाबला 13 जुलाई को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article