क्रिकेट

IND A vs SA A 2nd ODI: इंडिया ए ने दक्षिण अफ्रीका ए को दूसरे वनडे में पटखनी देकर किया सीरीज पर कब्जा, रुजुराज ने जड़ा अर्धशतक

इंडिया ए ने राजकोट में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका ए को 9 विकेट के अंतर से मात देकर तीन मैच की सीरीज 2-0 के अंतर से अपने नाम कर ली है। ऐसा रहा दूसरे वनडे का हाल।

Image

रुतुराज गायकवाड़

राजकोट: भारत ए की टीम ने निशांत सिंधु और हर्षित राणा के मिलकर सात विकेट झटकने के बाद रुतुराज गायकवाड़ के नाबाद अर्धशतक से रविवार को यहां दूसरे अनौपचारिक एकदिवसीय मैच में दक्षिण अफ्रीका ए को नौ विकेट से हरा दिया। इस जीत से भारत ए ने तीन मैच की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

तेज गेंदबाज राणा (21 रन पर तीन विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर सिंधु (16 रन पर चार विकेट) की बदौलत भारत ने मेहमान टीम को 20.3 ओवर में 132 रन पर समेटने के बाद 27.5 ओवर में एक विकेट पर 135 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अभिषेक शर्मा (22 गेंद में 32 रन) ने आक्रामक पारी खेली और गायकवाड़ (नाबाद 68 रन) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए केवल 8.1 ओवर में 53 रन जोड़ दिए। लेकिन अभिषेक तेज गेंदबाज लुथो सिपामला की गेंद पर लुहान ड्रे प्रिटोरियस को कैच थमाकर आउट हो गए जिससे दक्षिण अफ्रीका को थोड़ी राहत मिली। लेकिन गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा (नाबाद 29) ने संयम से खेलते हुए बाकी बचे रन बनाए। गायकवाड़ ने ऑफ स्पिनर प्रेनेलन सुब्रयन की गेंद पर चौका लगाकर जीत दिलाइ।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज राणा की तेज गति और सिंधु की चतुराई के आगे कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। इन दोनों गेंदबाजों ने सात विकेट साझा किए। घरेलू टीम के दबदबे के सामने दक्षिण अफ्रीका की पारी में एक भी खिलाड़ी 40 रन के स्कोर से ऊपर रन नहीं बना सका। सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर रिवाल्डो मूनसामी (33 रन) दक्षिण अफ्रीका के लिए शीर्ष स्कोरर रहे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article