क्रिकेट

IND A vs AUS A 3rd ODI: प्रभसिमरन सिंह के आतिशी शतक की बदौलत इंडिया-ए ने तीसरे वनडे में दी पटखनी, 2-1 से जीती सीरीज

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को कानपुर में खेले गए सीरीज के तीसरे वनडे में 2 विकेट से पटखनी देकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही इंडिया-ए ने सीरीज भी 2-1 से अपने नाम कर ली।

Image

प्रभसिमरन सिंह (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

कानपुर: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को तीन मैच की वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में 2 विकेट के अंतर से मात देकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इंडिया ए ने टॉस हारने के बाद पहले गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए को 49.1 ओवर में 316 रन पर ढेर कर दिया। 135 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम 316 रन के स्कोर तक कप्तान जैक एडवर्ड्स की 89(75) रन की आतिशी पारी की बदौलत पहुंचने में सफल रही। इसके बाद जीत के लिए मिले 317 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाते हुए 46 ओवर में 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 68 गेंद में 102 रन की आतिशी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के जड़े। उनके अलावा श्रेयस अय्यर और रियान पराग ने 62-62 रन की पारी खेली। टीम की जीत की दहलीज विप्रज निगम ने 32 गेंद में 24 रन की नबाद पारी खेलकर पार कराई। अर्शदीप सिंह ने दूसरे छोर पर 7(4) रन बनाकर उनका साथ दिया।

अभिषेक-प्रभसिमरन ने दिलाई इंडिया ए को तेज शुरुआत

अभिषेक शर्मा और प्रभसिमनर सिंह की सलामी जोड़ी ने इंडिया एक शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के विए 83 रन की साझेदारी की। 12वें ओवर में अभिषेक शर्मा 22(25) रन बनाकर मर्फी की गेंद पर कैच दे बैठे। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा भी ज्यादा देर पिच पर नहीं टिक पाए मर्फी की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। वो तीन रन बना सके। 89 रन पर भारत ने दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन एक छोर पर प्रभसिमरन अर्धशतक जड़कर टिके थे।

प्रभसिमरन ने खेली 68 गेंद में 102 रन की आतिशी पारी

ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर प्रभसिमरन का साथ देने आए। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 145 रन तक ले गए। इसी दौरान प्रभसिमरन ने अपना शतक पूरा किया। 20वें ओवर की पहली गेंद पर प्रभसिमनरन 68 गेंद में 102 रन बनाकर तनवीर सांगा की गेंद पर कैच दे बैठे। उनके आउट होने के बाद अय्यर को रियान पराग का साथ मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके टीम को 262 रन तक पहुंचाया। अय्यर 58 गेंद में 62 रन बनाकर सांगा का दूसरा शिकार बने। अय्यर के आउट होने के बाद जल्दी ही रियान पराग भी 55 गेंद पर 62 रन बनाकर सांगा की गेंद पर लपके गए।

विप्रज निगम ने अंतिम ओवरों में दिलाई जीत

275 रन पर इंडिया ए ने पांच विकेट गंवा दिए थे। दो नए बल्लेबाज मैदान पर थे। ऐसे में निशांत सिंधु को भी सांगा ने चलता कर दिया। वो 2 रन बना सके। ऐसे में आयुष बदोनी ने विप्रज निगम के साथ मिलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन 301 के स्कोर पर बदोनी को मर्फी ने कैच कराकर भारत को सातवां झटका दिया। बदोनी 21(20) रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हर्षित राणा को मर्फी ने बोल्ड करके मैच का रोमांच बढ़ा दिया। 301 रन पर 8 विकेट गंवाने के बाद टीम इंडिया के हाथ से मैच फिसलता दिख रहा था। ऐसे में विप्रज निगम ने मोर्चा संभाले रखा और अर्शदीप सिंह के साथ मिलकर टीम को 46वें ओवर की आखिरी गेंद पर जीत दिला दी। विप्रज 24(32) रन बनाकर और अर्शदीप 7(4) रन बनाकर नाबाद रहे।

खराब रही ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत, 44 रन पर गंवाए 4 विकेट

ऑस्ट्रेलिया ए के कप्तान जैक एडवर्ड्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही अर्शदीप सिंह ने दो हरे झटके दिए। जैक फ्रेजर मैक्गर्क(5) और मैकेंजी हार्वे(7) अर्शदीप सिंह ने चलता कर दिया। 22 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हर्षित राणा ने हैरी डिक्सन को कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। 24 रन पर तीन विकेट गंवाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम बैकफुट पर नजर आ रही थी। ऐसे में कूपर कोनोली का साथ कुछ देर लेचलेन हेरने ने दिया। दोनों स्कोर को 44 रन तक ले गए। लेकिन राणा ने उन्हें भी कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दे दिया। लेचलेन 16 रन बना सके।

कूपर कोनोली को लेचलेन शॉ ने पहुंचाया 100 रन के पार

चार विकेट गंवाने के बाद कूपर कोनोली को लेचलेन शॉ का साथ मिला। दोनों ने विकेटों की पतझड़ पर लगाम लगाई और टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। 115 के स्कोर पर दोनों की साझेदारी निशांत सिंधु ने तोड़ दी। शॉ गुरजनप्रीत के हाथों लपके गए। उन्होंने 32(34) रन बनाए। शॉ के आउट होने के बाद कोनोली को लियाम स्कॉट का साथ मिला। दोनों स्कोर को 135 रन तक ले गए ऐसे में कोनोली अर्धशतक पूरा करने के बाद आयुष बदोनी की गेंद पर अभिषेक शर्मा के हाथों लपके गए। उन्होंने 64(49) रन बनाए।

जैक एडवर्ड्स की कप्तानी पारी नें पहुंचाया 300 के पार

135 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में लियाम स्कॉट और कप्तान जैक एडवर्ड्स ने मोर्चा संभाला और सातवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके टीम की वापसी करा दी। दोनों स्कोर को 287 रन तक तेजी से ले गए। 42वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्कॉट को बदोनी ने कैच कराकर चलता कर दिया। उन्होंने 73(64) रन बनाए। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए टॉड मर्फी गुरजनप्रीत सिंह की गेंद पर विप्रज निगम के हाथों लपके गए। वो 2 रन बना सके। अंत में कप्तान जैक एडवर्ड्स ने टीम को 300 के पार पहुंचा दिया लेकिन 300 के स्कोर पर अर्शदीप ने उन्हें अय्यर के हाथों कैच करा दिया। एडवर्ड्स 89(75) रन बनाकर पवेलियन लौटे। अंत में ऑस्ट्रेलियाई टीम 49.1 ओवर में 316 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए अर्शदीप और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट लिए। 2 सफलता अयुष बदोनी को मिली। एक-एक विकेट गुरजनप्रीत सिंह और निशांत सिंधु के खाते में गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article