Virat Kohli Babar Azam in race for most runs in t20i: टी20 वर्ल्ड कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाने वाला है। न्यूयॉर्क के स्टेडियम में जब ये दोनों टीमें भिड़ेंगी तो दोनों की नजर जीत दर्ज करके टूर्नामेंट में आगे बढ़ने पर होगी। इस मैच में टीमों के साथ-साथ खिलाड़ियों के बीच भी टक्कर देखने को मिलेगी जो कि एक दूसरे को पछाड़ कर नए रिकॉर्ड बनाना चाहेंगे। इस मैच में बाबर आजम का टी20ई में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी दांव पर रहेगा। इस रिकॉर्ड पर कोहली और रोहित की निगाहें रहेगी।
दरअसल बाबर आजम ने टी20ई में 120 मैचों में 4067 रन बनाए हैं। वे टी20ई में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में चेज मास्टर विराट कोहली से ये ताज छीना था। विराट कोहली हालांकि ज्यादा पीछे नहीं है। कोहली के टी20ई में 4038 रन है। ऐसे में कोहली के पास बाबर को पीछा छोड़ने का मौका है। कोहली के अलावा रोहित शर्मा के पास भी बाबर को पछाड़ने का मौका है। रोहित शर्मा के फिलहाल 4026 रन है।
कोहली और रोहित बाबर को कैसे छोड़ सकते हैं पीछे
विराट कोहली और बाबर आजम के रनों का अंतर 29 रनों का है। ऐसे में इस मैच में बाबर आजम जितने भी रन बनाए अगर कोहली उससे 30 रन ज्यादा बना लेते हैं तो वे बाबर आजम को पछाड़कर टी20ई के टॉप स्कोरर बन जाएंगे। वहीं रोहित शर्मा और बाबर आजम के रनों में 41 रनों का अंतर है। ऐसे में इस मैच में बाबर आजम जितने भी रन बनाए रोहित शर्मा को उससे 42 रन ज्यादा बनाने होंगे तभी वे टॉप पर पहुंच पाएंगे।
