कोलंबो: भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को महिला विश्व कप मुकाबले के टॉस के दौरान मैच रेफरी शांड्रे फ्रिट्ज से गलती हो गई। इस गलती की वजह से उन्होंने पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को टॉस विजेता घोषित कर दिया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला और सना ने ‘टेल्स’ कहा लेकिन फ्रिट्ज़ ने सुनने में गलती की और इसे ‘हेड्स’ समझ लिया। फिर प्रेजेंटर मेल जोन्स ने भी उन्हें टॉस विजेता घोषित किया।
हरमनप्रीत ने जीता टॉस, पाकिस्तान को माना विजेता
सिक्का ‘हेड्स अप’ गिरा लेकिन टॉस का विजेता पाकिस्तान को माना गया जिससे उन्होंने बादलों से भरे आसमान में पहले गेंदबाजी करने का विकल्प चुना। हरमनप्रीत ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और पाकिस्तानी कप्तान के बाद जोन्स से बात करने के लिए उनके पास गईं। उन्होंने सना से हाथ नहीं मिलाया। एशिया कप 2025 में भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ नो-हैंडशेक की नीति अपनाई थी। उसी नीति का पालन महिला टीम ने भी पाकिस्तानी टीम के खिलाफ विश्व कप 2025 के दौरान किया।
भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाई
पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने खबर लिखे जाने तक 34 ओवर में 4 विकेट पर 154 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया की पारी अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई थी। 24.4 ओवर में 106 रन पर भारतीय टीम ने 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में हरलीन देओल और जेमिमा रोड्रिग्ज ने पारी को संभाला और टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया। मैच में कीट पतंगों के कारण बार बार बाधा आई और मैच को रोकना पड़ा। भारतीय पारी के 34वें ओवर में मैच फॉगिंग करने के लिए मैच को रोकना पड़ा लेकिन उससे भी राहत नहीं मिली।
(भाषा इनपुट के साथ)
