टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने सलामी बल्लेबाज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे संजू सैमसन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि आखिर इस बल्लेबाज की प्लेइंग इलेवन में वापसी कैसे हुई? अब तक ऐसा लग रहा था कि टॉप थ्री में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया था, लेकिन गंभीर के अनुसार यह कदम टॉप ऑर्डर में और आक्रमकता और शुरुआती ओवर में तेजी से रन बनाने के उद्देश्य से उठाया गया था।
जियोहॉटस्टार पर बोलते हुए, गंभीर ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि यह बदलाव लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के लिए किया गया था।
"मुझे पता है कि बहुत से लोग इस बारे में बात करेंगे कि हम टॉप ऑर्डर में तीनों लेफ्ट हैंडर बल्लेबाज के क्रम को तोड़ने के लिए ऐसा किया, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। हम बस और अधिक आक्रामक होना चाहते थे क्योंकि पिछले डेढ़ साल से हमारी प्लानिंग यही रही है कि मैदान पर उतरकर हम जितना हो सके उतना आक्रामक प्रदर्शन करें,"
उन्होंने कहा, "संजू को टीम में शामिल करने का कारण दूसरे छोर से ऑफ स्पिनर का सामना करना नहीं था। मेरा मानना है कि एक कुशल बल्लेबाज किसी भी तरह के गेंदबाज के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर सकता है, चाहे वह ऑफ स्पिनर हो या बाएं हाथ का स्पिनर। बात यह थी कि क्या हम टॉप ऑर्डर में और अधिक आक्रामक होकर शुरुआती छह ओवरों में ज्यादा से ज्यादा रन बना सकते हैं।" सैमसन की तारीफ करते हुए गंभीर ने कहा कि अगर संजू अपनी लय पा ले तो उसमें पावरप्ले के दौरान ही मैच का रुख बदलने की क्षमता है।
कल्पना कीजिए कि आपके टॉप तीन बल्लेबाज अभिषेक, संजू और ईशान हों, और फिर आपके पास सूर्या, हार्दिक, तिलक, शिवम और अक्षर जैसे खिलाड़ी हों,"
गंभीर ने बताया कि संजू को पहली बार कैसे बताया गया कि वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनने वाले हैं। उन्होंने कहा, मैंने उन्हें जिम में यह बात बताई। दरअसल, हम दोनों साथ में ट्रेनिंग कर रहे थे, और मैंने उनसे बस इतना कहा कि आप ज़िम्बाब्वे के खिलाफ़ खेलेंगे, और उन्होंने कहा, 'देखते हैं।' हमारी बातचीत कुछ इसी तरह की होती है।
विकेटकीपर-बल्लेबाज को उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया, जहां उन्होंने पांच पारियों में 80.25 के औसत और 199.37 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए, जिसमें 27 चौके और 24 छक्के शामिल थे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 2014 के टी20 विश्व कप में विराट कोहली द्वारा बनाए गए 319 रनों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ते हुए एक ही टी20 विश्व कप में किसी भारतीय द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रनों का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
